2026 Kawasaki Z1100: नई कावासाकी Z1100 को भारत में 12.79 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) कीमत पर लॉन्च किया गया है।
कावासाकी ने अपनी पावरफुल Z सीरीज को आगे बढ़ाते हुए 2026 कावासाकी Z1100 (Kawasaki Z1100) को भारत में लॉन्च कर दिया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹12.79 लाख रखी गई है। नई Z1100 में कंपनी ने हल्के डिजाइन बदलाव, अपडेटेड टेक्निकल फीचर्स और एक प्रीमियम SE वेरिएंट भी पेश किया है। यह बाइक अब पहले की तुलना में ज्यादा एडवांस और परफॉर्मेंस-ओरिएंटेड बन गई है।
फीचर्स और इलेक्ट्रॉनिक्स
2026 कावासाकी Z1100 (Kawasaki Z1100) में कई एडवांस राइडर-असिस्ट फीचर्स दिए गए हैं, जो राइडिंग को पहले से ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक बनाते हैं। इसमें दो पावर मोड (फुल और लो) मिलते हैं, जिससे आप ट्रैफिक या हाईवे के हिसाब से पावर चुन सकते हैं। बाइक में तीन लेवल का ट्रैक्शन कंट्रोल भी है, जिसे जरूरत पड़ने पर पूरी तरह ऑफ किया जा सकता है। इसके अलावा बिडायरेक्शनल क्विकशिफ्टर गियर शिफ्टिंग को बिना क्लच के स्मूद बनाता है, जबकि क्रूज़ कंट्रोल लंबी दूरी की राइडिंग को आसान करता है। डुअल-चैनल एबीएस ब्रेकिंग को सुरक्षित रखते हैं। सबसे खास है फाइव-एक्सिस IMU (इनर्शियल मेजरमेंट यूनिट) टेक्नोलॉजी, जो राइडिंग के दौरान बाइक को ज्यादा स्टेबल और कंट्रोल्ड फील देने में मदद करती है।
ब्रेकिंग सिस्टम में बड़ा अपग्रेड
नई कावासाकी Z1100 (Kawasaki Z1100) में ब्रेकिंग सेटअप पहले से काफी बेहतर किया गया है। स्टैंडर्ड वेरिएंट में कावासाकी-ब्रांडेड टोकिको रेडियल कैलिपर्स और बड़े 310 मिमी डुअल फ्रंट डिस्क्स मिलते हैं, जो निंजा 1100SX के 300 मिमी डिस्क्स से ज्यादा पावरफुल हैं। वहीं, SE वेरिएंट में इससे भी प्रीमियम सेटअप दिया गया है, जिसमें ब्रेम्बो M4.32 कैलिपर्स और स्टील-ब्रेडेड ब्रेक लाइन्स शामिल हैं। इन बदलावों की वजह से SE मॉडल की ब्रेकिंग ज्यादा शार्प, भरोसेमंद और प्रीमियम फील देती है।
यह भी पढ़ें- अब Kia की सेकेंड-हैंड कारों पर भी मिलेगी 24 महीने या 40,000 किमी तक की वारंटी
2026 कावासाकी Z1100 में वही मजबूत एल्यूमिनियम फ्रेम दिया गया है जो निंजा 1100SX में मिलता है, जिससे बाइक की स्थिरता और कंट्रोल बेहतर होता है। इसके सस्पेंशन में स्टैंडर्ड मॉडल पर फुली-एडजस्टेबल शोवा फ्रंट फोर्क्स और शोवा का ही रियर सस्पेंशन मिलता है। वहीं, SE वेरिएंट को और प्रीमियम बनाया गया है, जिसमें शोवा फ्रंट फोर्क के साथ ओहलिन्स S46 मोनोशॉक लगाया गया है, जो रिमोट प्रीलोड एडजस्टर के साथ आता है। यह सेटअप खासकर स्पोर्टी और तेज राइडिंग के दौरान ज्यादा आराम, बेहतर बैलेंस और सटीक कंट्रोल प्रदान करता है।
इंजन और परफॉर्मेंस
नई कावासाकी Z1100 (Kawasaki Z1100) में 1,099 सीसी का चार-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो दमदार परफॉर्मेंस प्रदान करता है। यह इंजन 134 एचपी की पावर और 113 एनएम का टॉर्क देता है, जिससे बाइक हाईवे और सिटी दोनों में शानदार राइडिंग फील देती है। इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है, जो असिस्ट और स्लिपर क्लच के साथ आता है। यह सिस्टम तेज रफ्तार पर भी गियर शिफ्टिंग को स्मूद बनाता है और अचानक डाउनशिफ्ट करने पर बाइक को स्थिर रखता है।
यह भी पढ़ें- नई Kia Seltos का दूसरा जनरेशन 10 दिसंबर को होगा पेश, अब आएगी हाइब्रिड पावर के साथ

