Upcoming Maruti Cars: मारुति सुजुकी अगले एक साल में भारतीय बाजार के लिए 4 नई कारों पर काम कर रही है। इस लिस्ट में नई इलेक्ट्रिक MPV से लेकर फ्रॉन्क्स, इनविक्टो और XL6 के फेसलिफ्ट मॉडल शामिल हैं।
Upcoming Maruti Electric MPV
मारुति सुजुकी की नई YMC MPV हाल ही में टेस्टिंग के दौरान नजर आई है। यह कंपनी की भारत में दूसरी इलेक्ट्रिक कार होगी। इसे खासतौर पर सात लोगों के बैठने के लिए तैयार किया जा रहा है।
टेस्टिंग मॉडल में बॉक्सी डिजाइन देखने को मिला है। इसके फ्रंट में स्प्लिट हेडलाइट डिजाइन मिल सकता है। साइड प्रोफाइल में लंबी रूफलाइन दी गई है। वहीं, पीछे की तरफ इसका डिजाइन काफी हद तक बॉक्सी नजर आता है।
इसके टेलगेट का डिजाइन मारुति विक्टोरिस से मिलता-जुलता हो सकता है। इसमें बैटरी को ठंडा रखने के लिए एक्टिव एयर वेंट भी दिए जा सकते हैं। यह जरूरत के हिसाब से खुल और बंद हो सकते हैं। बैटरी की बात करें तो YMC MPV में 49kWh और 61kWh के दो बैटरी पैक मिलने की संभावना है। इसे ई-विटारा वाले HEARTECT-E प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- हुंडई बेयोन भारत से 50 से ज्यादा देशों में होगी एक्सपोर्ट
Fronx, Invicto and XL6 Facelift

मारुति फ्रॉन्क्स फेसलिफ्ट को 2027 भारत मोबिलिटी एक्सपो में पेश किए जाने की संभावना है। हालिया स्पाई तस्वीरों में इसमें ADAS मॉड्यूल और लेन-वॉच कैमरा दिखाई दिए हैं। इसके अलावा, नई फ्रंट बंपर डिजाइन और चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक मिलने की उम्मीद है।
इंजन में भी बदलाव हो सकता है। मौजूदा चार-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन की जगह तीन-सिलेंडर इंजन दिया जा सकता है। हालांकि, 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन पहले जैसा ही रहने की संभावना है।

मारुति इनविक्टो को भी नया फेसलिफ्ट मिलने वाला है। इसे टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस के अपडेटेड मॉडल के साथ समान बदलाव मिल सकते हैं। इसमें नया इंफोटेनमेंट सिस्टम और बदली हुई सीट अपहोल्स्ट्री मिलने की उम्मीद है। हालांकि, मैकेनिकल बदलाव होने की संभावना नहीं है।
यह भी पढ़ें- भारत मोबिलिटी एक्सपो 2027 की तारीखें घोषित
वहीं, मारुति XL6 फेसलिफ्ट के लिए नई XL7 से संकेत मिले हैं। इंडोनेशिया मोटर शो 2026 में दिखाई गई XL7 में नया बंपर, बदले हुए फॉग लैंप सराउंड और 16-इंच टायर दिए गए हैं। इसके अलावा, ग्लॉस ब्लैक अलॉय व्हील और नया रियर स्पॉयलर भी मिलता है।
XL6 फेसलिफ्ट में भी ऐसे बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इंजन की बात करें तो इसमें मौजूदा 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन जारी रहने की उम्मीद है। यह इंजन 102bhp की पावर और 137Nm का टॉर्क देता है।

