Maruti 800 FIVA Award: भारत की सबसे लोकप्रिय और यादगार कारों में शामिल मारुति 800 ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। इस कार को प्रतिष्ठित FIVA वर्ल्ड व्हीकल हेरिटेज अवॉर्ड मिला है, जिसके साथ यह सम्मान पाने वाली पहली और इकलौती भारतीय कार बन गई है।

Maruti 800 FIVA Award
यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान फेडरेशन इंटरनेशनेल डेस वेहिक्यूल्स एन्सिएंस (FIVA) ने दिया है। यह संस्था ऐतिहासिक वाहनों की विरासत को पहचान दिलाने के लिए काम करती है। FIVA यूनेस्को की गैर-सरकारी भागीदार भी है।
इस अवॉर्ड के लिए दुनिया भर से 21 ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले वाहनों को चुना गया। इनमें अमेरिका, ब्राजील, जर्मनी, फ्रांस, ऑस्ट्रिया और स्लोवेनिया जैसे देशों के वाहन शामिल थे। खास बात यह है कि भारत से केवल मारुति 800 (Maruti 800) को इस सम्मान के लिए चुना गया।
FIVA ने मारुति 800 को ऐसी कार माना, जिसने आम लोगों के लिए कार खरीदना आसान बनाया। इसने देश में निजी परिवहन की तस्वीर बदलने के साथ भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग को भी नई पहचान दी।

India’s Automotive History
मारुति 800 का सफर SS80 मॉडल के साथ शुरू हुआ था। यह केंद्र सरकार और जापान की सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के बीच जॉइंट वेंचर का पहला प्रोडक्ट था। दिसंबर 1983 में इस कार की पहली डिलीवरी हरपाल सिंह को हुई थी। इस कार का रजिस्ट्रेशन नंबर DIA 6479 था। खास बात यह है कि अवॉर्ड जीतने वाली कार भी यही पहली मारुति 800 है। फिलहाल इसे दिल्ली स्थित मारुति सुजुकी के मुख्यालय में प्रदर्शित किया गया है।
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन आरसी भार्गव ने इस सम्मान के लिए FIVA का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मारुति 800 की शुरुआत बहुत छोटे स्तर पर हुई थी। हालांकि, इसने भारत के ऑटोमोबाइल उद्योग को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई। उनके मुताबिक, इस कार ने साबित किया कि भारत भी बेहतर इंजीनियरिंग वाले प्रोडक्ट बना सकता है। उस समय भारतीय मैन्युफैक्चरिंग की क्षमता पर कई सवाल उठाए जाते थे।
FIVA का यह नया अवॉर्ड केवल महंगी या दुर्लभ कारों तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य उन वाहनों को सम्मान देना है, जिन्होंने समाज, संस्कृति, औद्योगिक विकास और आम लोगों की जिंदगी पर गहरा प्रभाव डाला है।
यह भी पढ़ें- सेफ्टी के मामले में छा गई हुंडई वरना, हासिल किए 5 स्टार रेटिंग
