भारत में Hyundai Bayon को 1.2 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ पेश किया जा सकता है।
हुंडई (Hyundai) भारत में साल 2026 के लिए कई नई गाड़ियों की तैयारी कर रही है। इनमें इलेक्ट्रिक एसयूवी, एक्सटर फेसलिफ्ट (Exter facelift) और अब दूसरी जनरेशन हुंडई बेयोन (Hyundai Bayon) भी शामिल है। हाल ही में नई Hyundai Bayon को बर्फीले इलाके में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि कंपनी इस एसयूवी को जल्द ही भारत में लॉन्च करने की योजना बना रही है। यह कार सब-4 मीटर सेगमेंट में मारुति फ्रॉन्क्स को सीधी टक्कर दे सकती है।

नया डिजाइन
नई जनरेशन Hyundai Bayon का डिजाइन पहले से ज्यादा एसयूवी जैसा नजर आ रहा है। जहां पुरानी Bayon एक क्रॉसओवर फील देती थी, वहीं अब इसका लुक ज्यादा बॉक्सी और मजबूत हो गया है। इसमें सीधा फ्रंट फेसिया, फ्लैट रूफलाइन और ऊंचा बोनट देखने को मिलता है, जो इसे एक दमदार कॉम्पैक्ट एसयूवी का रूप देता है। फ्रंट में नया लाइटिंग सेटअप दिया गया है, जिसमें ऊपर की ओर एलईडी डीआरएल और नीचे आयताकार हेडलैंप नजर आते हैं। इसके साथ नया स्लैटेड फ्रंट ग्रिल और मजबूत बंपर भी देखने को मिलता है।
साइड और रियर प्रोफाइल
साइड प्रोफाइल की बात करें तो नई Bayon में स्क्वेयर व्हील आर्च, मोटी बॉडी क्लैडिंग, नए डिजाइन के अलॉय व्हील, ड्यूल-टोन ओआरवीएम, रूफ रेल्स और शार्क फिन एंटीना दिए गए हैं। पीछे की ओर रेक्ड विंडशील्ड, बड़ा बंपर और फ्रंट से मिलता-जुलता टेललाइट डिजाइन देखने को मिलता है, जिससे कार का लुक काफी प्रीमियम लगता है।

साइज और प्लेटफॉर्म डिटेल
Hyundai Bayon का इंटरनल कोडनेम BC4i CUV बताया जा रहा है। ग्लोबल मॉडल की लंबाई 4,180 मिमी है, लेकिन भारत में इसे सब-4 मीटर कैटेगरी में लाया जाएगा ताकि टैक्स बेनिफिट मिल सके। इससे उम्मीद है कि इसके साइज में कुछ बदलाव किए जाएंगे, लेकिन केबिन स्पेस को बेहतर रखने की कोशिश की जाएगी।
इंटीरियर और फीचर्स
इंटीरियर की बात करें तो नई Hyundai Bayon में कई आधुनिक और प्रीमियम फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, सनरूफ, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, रियर एसी वेंट, ऑटो डिमिंग आईआरवीएम और एडवांस ADAS सेफ्टी फीचर्स दिए जा सकते हैं। Hyundai हमेशा फीचर्स के मामले में आगे रहती है और Bayon भी इस परंपरा को आगे बढ़ा सकती है।
इंजन और पावरट्रेन ऑप्शन
इंजन विकल्पों की बात करें तो भारत में Hyundai Bayon को 1.2 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ पेश किया जा सकता है। कुछ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में यह माइल्ड हाइब्रिड ऑप्शन के साथ भी आती है, लेकिन भारत में शुरुआत पेट्रोल इंजन से ही होने की संभावना है।
मार्केट पोजिशन और मुकाबला
मार्केट पोजिशन की बात करें तो Hyundai Bayon को एक्सटर और वेन्यू के बीच रखा जाएगा। इसका मुख्य मुकाबला मारुति फ्रॉन्क्स से होगा, जो फिलहाल इस सेगमेंट की सबसे ज्यादा बिकने वाली SUVs में शामिल है। इसके अलावा टाटा नेक्सन, किआ सोनेट और टोयोटा टैसर जैसी गाड़ियां भी इसकी प्रतिद्वंदी होंगी।
संभावित कीमत
कीमत को देखते हुए Hyundai Bayon को किफायती रेंज में लॉन्च किया जा सकता है। इसकी संभावित शुरुआती कीमत लगभग 6.8 लाख रुपये से शुरू होकर 11.5 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जा सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई Hyundai Bayon को भारत में त्योहारी सीजन के आसपास लॉन्च किया जा सकता है।

