Maruti Suzuki Swift Body Kit: जापान में नई जनरेशन सुजुकी स्विफ्ट (Suzuki Swift) के लिए फैक्ट्री-समर्थित स्पोर्ट बॉडी किट पेश की गई है। यह किट हैचबैक को पहले से ज्यादा स्पोर्टी और आकर्षक बनाती है। अब सवाल यह है कि क्या ऐसा स्टाइलिंग पैकेज भारत में भी देखने को मिलेगा?
सुजुकी ने अपने घरेलू बाजार जापान में नई जनरेशन स्विफ्ट के लिए नया स्पोर्ट बॉडी किट पेश किया है। यह पैकेज कार के लुक को पहले से ज्यादा अग्रेसिव बनाता है। दरअसल, इस बॉडी किट को AWIN ने तैयार किया है। सुजुकी इसे अपने अधिकृत डीलरशिप नेटवर्क के जरिए ग्राहकों को उपलब्ध करा रही है।
Maruti Suzuki Swift Body Kit में क्या-क्या मिलेगा?
नई मारुति सुजुकी स्विफ्ट बॉडी किट में कई आकर्षक एक्सटीरियर पार्ट्स शामिल किए गए हैं। इनमें फ्रंट अंडर स्पॉइलर, साइड स्कर्ट्स और रियर अंडर स्पॉइलर दिए गए हैं। इन बदलावों से स्विफ्ट का रोड प्रेजेंस काफी बेहतर दिखाई देता है। इसके अलावा यह किट कार को स्पोर्टी लुक देने के साथ प्रीमियम फील भी देती है। ऐसे खरीदारों के लिए यह बेहतर विकल्प है जो अपनी कार को अलग पहचान देना चाहते हैं।
जापान में इस स्टाइलिंग पैकेज की कीमत 1,98,000 येन रखी गई है। भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत लगभग 1.17 लाख रुपये बैठती है। हालांकि, इस कीमत में इंस्टॉलेशन चार्ज शामिल नहीं है।
क्या भारत में भी आ सकती है यह बॉडी किट?
फिलहाल यह बॉडी किट केवल जापान के बाजार तक सीमित है। वहीं, मारुति सुजुकी पहले भी भारत में जेन्युइन एक्सेसरीज के जरिए बॉडी किट, स्पॉइलर, डीकल्स और अलॉय व्हील्स जैसे कई एक्सेसरी पैकेज पेश कर चुकी है। इसी वजह से उम्मीद की जा रही है कि कंपनी भविष्य में नई स्विफ्ट के लिए भी ऐसा स्टाइलिंग पैकेज भारतीय ग्राहकों के लिए ला सकती है।
भारत में स्विफ्ट हमेशा युवाओं की पसंदीदा हैचबैक रही है। साथ ही बड़ी संख्या में ग्राहक अपनी कार को आफ्टरमार्केट एक्सेसरीज से कस्टमाइज कराते हैं। ऐसे में फैक्ट्री-समर्थित मारुति सुजुकी स्विफ्ट बॉडी किट ग्राहकों के लिए भरोसेमंद विकल्प बन सकती है। अगर इसकी कीमत प्रतिस्पर्धी रखी जाती है, तो यह नई स्विफ्ट की लोकप्रियता को और बढ़ा सकती है।

