उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के लखनऊ में अशोक लेलैंड ने अपना नया इलेक्ट्रिक व्हीकल प्लांट शुरू किया। यह प्लांट हर साल 5,000 इलेक्ट्रिक बसें बनाएगा और हजारों युवाओं को रोजगार देगा।
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए अशोक लेलैंड (Ashok Leyland) ने लखनऊ में अपने नए इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन किया है। इस प्लांट का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह ने किया। यह प्लांट लखनऊ एयरपोर्ट के पास सरोजिनी नगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित है और करीब 70 एकड़ में फैला हुआ है। इस मौके पर केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमारस्वामी भी मौजूद रहे।
18 महीने में तैयार हुआ अत्याधुनिक ईवी प्लांट
अशोक लेलैंड (Ashok Leyland) और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच इस प्रोजेक्ट के लिए सितंबर 2023 में एमओयू साइन हुआ था। इसके बाद जनवरी 2024 में जमीन का आवंटन किया गया और महज 18 महीनों में प्लांट का निर्माण पूरा कर लिया गया। शुरुआती तौर पर इस प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता 2,500 यूनिट्स रखी गई है, जिसे आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर 5,000 यूनिट्स तक किया जाएगा।
स्कूल और इंटर-सिटी के लिए बनेंगी इलेक्ट्रिक बसें
इस प्लांट में मुख्य रूप से 17-18 सीटर इलेक्ट्रिक बसों का निर्माण किया जाएगा। ये बसें स्कूल, कॉलेज और इंटर-सिटी ट्रांसपोर्ट के लिए तैयार की जाएंगी। इन बसों की शुरुआती कीमत करीब ₹15 लाख बताई जा रही है, जिससे ये छोटे ऑपरेटर्स और संस्थानों के लिए भी किफायती होंगी।
यह भी पढ़ें- हाईवे पर गाड़ी चलाते वक्त इन गलतियों से बचें, वरना बेजुबान जानवर बनेंगे शिकार
कंपनी का दावा है कि इस नए ईवी प्लांट से हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही हिंदुजा समूह और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच एक और एमओयू साइन किया जाएगा, जिसके तहत हर साल 10,000 युवाओं को स्किल ट्रेनिंग दी जाएगी।
यूपी बना इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का बड़ा हब
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) पहले से ही इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। साल 2024 में भारत के कुल EV मार्केट में यूपी की हिस्सेदारी करीब 19 प्रतिशत रही। इसके अलावा राज्य में FAME योजना के तहत लगभग 700 इलेक्ट्रिक बसें पहले से संचालित हो रही हैं।
इंफ्रास्ट्रक्चर और स्टार्टअप्स में भी यूपी अव्वल
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) देश के 55 प्रतिशत एक्सप्रेसवे, सबसे बड़ा रेलवे नेटवर्क, दो डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, रैपिड रेल और इनलैंड वॉटरवे जैसी सुविधाओं का घर है। राज्य मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में भी अग्रणी है। यहां 18,000 से ज्यादा स्टार्टअप्स, 76 इनक्यूबेटर्स, 7 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 8 यूनिकॉर्न कंपनियां मौजूद हैं।
यह भी पढ़ें- Kia EV2: किआ की सबसे किफायती और छोटी इलेक्ट्रिक कार हुई पेश, 448 KM तक की रेंज
इस उद्घाटन समारोह में अशोक लेलैंड के चेयरमैन धीरज हिंदुजा और एमडी-सीईओ शेनू अग्रवाल भी मौजूद रहे। इसके अलावा डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, मंत्री सुरेश खन्ना, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, दयाशंकर सिंह और विधायक राजेश्वर सिंह ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।

