Chery Exlantix ET पहली बार भारत की सड़कों पर टेस्टिंग करते हुए देखी गई है। शुरुआत में इसे Tata Avinya का टेस्ट म्यूल माना गया था। हालांकि, बाद में सामने आया कि यह चीन की प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV चेरी एक्सलैंटिक्स ET (Chery Exlantix ET) है। अब माना जा रहा है कि इसे भविष्य में JSW मोटर्स भारतीय बाजार में पेश कर सकती है।

स्पाई तस्वीरों में Exlantix ET का डिजाइन काफी आधुनिक नजर आया। SUV का फ्रंट हिस्सा सीधा और दमदार दिखाई देता है। सामने वर्टिकल स्लैट्स के साथ एलईडी लाइट बार दी गई है। वहीं, हेडलैंप्स को बंपर पर अलग पॉड्स में लगाया गया है। इसके अलावा एयरो-ऑप्टिमाइज्ड अलॉय व्हील्स भी अंतरराष्ट्रीय मॉडल जैसे ही दिखाई देते हैं।
लगभग 5 मीटर लंबी है यह इलेक्ट्रिक SUV
Exlantix ET आकार के मामले में बड़ी प्रीमियम SUV है। इसकी लंबाई लगभग 5 मीटर है। वहीं इसका व्हीलबेस करीब 3 मीटर बताया जाता है। इसी वजह से इसमें बेहतर केबिन स्पेस और आरामदायक सीटिंग मिलने की उम्मीद है।
चीन में Exlantix ET कई बैटरी विकल्पों के साथ उपलब्ध है। इसमें 66 kWh से लेकर 97.6 kWh तक के बैटरी पैक मिलते हैं। साथ ही सिंगल मोटर और डुअल मोटर ऑल-व्हील ड्राइव वेरिएंट भी उपलब्ध हैं। हालांकि, भारत में कौन-सा वेरिएंट आएगा, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
रेंज-एक्सटेंडर वर्जन भी है खास
दरअसल, Chery Exlantix ET का एक रेंज-एक्सटेंडर मॉडल भी उपलब्ध है। इस वर्जन में 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन दिया जाता है। यह इंजन सीधे पहियों को नहीं चलाता। इसकी मदद से बैटरी चार्ज होती रहती है, जिससे लंबी दूरी तय करना आसान हो जाता है।
फिलहाल यह साफ नहीं है कि भारत में किस मॉडल की टेस्टिंग चल रही है। स्पाई तस्वीरों से केवल इतना पता चलता है कि वाहन Exlantix ET जैसा ही दिखता है। वहीं, कंपनी और JSW मोटर्स ने अभी तक किसी लॉन्च प्लान की पुष्टि नहीं की है। यदि यह SUV भारतीय बाजार में आती है, तो यह प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में नई प्रतिस्पर्धा पैदा कर सकती है।
यह भी पढ़ें- BMW हेडक्वार्टर की इमारत क्यों दिखती है चार-सिलेंडर इंजन जैसी?