Honda ने भारत में अपनी फ्लैगशिप सुपरबाइक CBR1000RR-R Fireblade SP को लॉन्च कर दिया है। जानिए इसकी कीमत, इंजन पावर, फीचर्स और किन बाइक्स से इसका मुकाबला होगा।
होंडा मोटरसाइकिल्स ने भारतीय बाजार में अपनी फ्लैगशिप सुपरबाइक होंडा सीबीआर1000आरआर-आर फायरब्लेड एसपी (Honda CBR1000RR-R Fireblade SP) को फिर से लॉन्च कर दिया है। यह बाइक अब ₹28.99 लाख (एक्स-शोरूम) की कीमत पर उपलब्ध होगी। इस हाई-परफॉर्मेंस बाइक को खास तौर पर होंडा रेसिंग कॉर्पोरेशन (HRC) के इनपुट्स से तैयार किया गया है, जिससे इसे मोटोजीपी जैसी परफॉर्मेंस डीएनए मिलती है।

Honda CBR1000RR-R Fireblade SP: हल्का फ्रेम और ब्रेकिंग सिस्टम
इस सुपरबाइक में एल्यूमिनियम डायमंड फ्रेम दिया गया है, जो इसे हल्का और स्टेबल बनाता है। ब्रेकिंग के लिए इसमें सामने की तरफ 330 मिमी के ट्विन डिस्क्स के साथ ब्रेम्बो स्टाइलमा कैलिपर्स और पीछे की तरफ 220 मिमी का रोटर दिया गया है। वहीं, बेहतर राइडिंग अनुभव के लिए इसमें ओहलिन्स EC 3.0 इलेक्ट्रॉनिकली एडजस्टेबल सस्पेंशन सामने और पीछे दोनों तरफ उपलब्ध है।
Honda CBR1000RR-R Fireblade SP: इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स और टेक्नोलॉजी
होंडा सीबीआर1000आरआर-आर फायरब्लेड एसपी को और भी खास बनाते हैं इसके एडवांस इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स। इसमें 6-एक्सिस IMU (इनर्शियल मेज़रमेंट यूनिट) मिलता है, जो बाइक को व्हीली कंट्रोल, लॉन्च कंट्रोल और मल्टी-लेवल ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स देता है।
मुकाबला और कीमत
भारत में यह सुपरबाइक सीधे तौर पर कावासाकी निंजा ZX-10R और बीएमडब्ल्यू S 1000 RR से मुकाबला करती है। हालांकि कीमत के मामले में यह दोनों से ज्यादा प्रीमियम है। कावासाकी निंजा ZX-10R की कीमत ₹19.49 लाख और BMW S 1000 RR की कीमत ₹20.75 लाख (एक्स-शोरूम) है। वहीं, सीबीआर1000आरआर-आर फायरब्लेड एसपी ₹28.99 लाख में उपलब्ध है।
दमदार इंजन और परफॉर्मेंस
सीबीआर1000आरआर-आर फायरब्लेड एसपी में 999 सीसी का लिक्विड-कूल्ड इनलाइन-फोर इंजन दिया गया है। यह इंजन 6-स्पीड गियरबॉक्स, बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर और राइड-बाय-वायर थ्रॉटल से लैस है। इसका पावर आउटपुट जबरदस्त है – यह इंजन 217.5 एचपी की पावर 14,500 आरपीएम पर और 113 एनएम का टॉर्क 12,500 आरपीएम पर जनरेट करता है। इतना पावर इसे सुपरस्पोर्ट्स कैटेगरी में बेहद खास बनाता है।
यह भी पढ़ें- Elon Musk ने खरीदे 1 अरब डॉलर के टेस्ला शेयर, कंपनी में भरोसा या रणनीतिक चाल?