Hyundai Creta record sales: 2025 में हुंडई क्रेटा ने रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की है। 2 लाख+ यूनिट्स की बिक्री, 34% मार्केट शेयर, सनरूफ और डीजल वेरिएंट्स की जबरदस्त मांग के साथ क्रेटा बनी भारत की नंबर-1 मिड-साइज SUV।
भारत की सबसे लोकप्रिय मिड-साइज SUV Hyundai Creta ने साल 2025 में नया इतिहास रच दिया है। इस साल क्रेटा की 2 लाख से ज्यादा यूनिट्स बिक चुकी हैं, जो इसका अब तक का सबसे बेहतरीन सालाना प्रदर्शन है। औसतन देखा जाए तो 2025 में हर दिन करीब 550 क्रेटा SUVs भारतीय सड़कों पर उतरीं। यह आंकड़ा साफ बताता है कि भारतीय ग्राहकों के बीच क्रेटा (Creta) की डिमांड कितनी मजबूत है।

Hyundai Creta record sales: मिड-साइज SUV सेगमेंट में 34% से ज्यादा की पकड़
Hyundai Creta न सिर्फ सबसे ज्यादा बिकने वाली मिड-साइज़ SUV है, बल्कि इस सेगमेंट में इसका 34% से ज्यादा मार्केट शेयर भी है। इसका मतलब यह है कि हर तीन में से एक मिड-साइज SUV ग्राहक क्रेटा को ही चुन रहा है। दमदार डिजाइन, भरोसेमंद परफॉर्मेंस और फीचर्स की लंबी लिस्ट ने इसे सेगमेंट लीडर बना दिया है।
यह भी पढ़ें- मुंबई में दौड़ेंगी भारत की पहली पॉड टैक्सी, ट्रैफिक से मिलेगी राहत
साल 2025 Hyundai Creta के लिए इसलिए भी खास रहा क्योंकि भारत में इसके 10 साल पूरे हो गए। 2016 से 2025 के बीच क्रेटा ने 9% से ज्यादा की कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) दर्ज की है, जो इस सेगमेंट में इसकी स्थिर और भरोसेमंद ग्रोथ को दिखाती है।
पहली कार खरीदने वालों की पसंद बनती Creta
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड केएमडी और सीईओ तरुण गर्ग के अनुसार, Hyundai Creta को खरीदने वाले ऐसे ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है जो अपनी पहली कार ले रहे हैं। जहां साल 2020 में पहली बार कार खरीदने वालों की हिस्सेदारी सिर्फ 13% थी, वहीं 2025 में यह बढ़कर 32% तक पहुंच गई है। इससे साफ पता चलता है कि क्रेटा अब केवल पुरानी कार को बदलने वाले ग्राहकों तक सीमित नहीं रही, बल्कि नए और पहली बार कार खरीदने वाले लोगों के बीच भी यह एक भरोसेमंद और पसंदीदा SUV बन चुकी है।
सनरूफ और डीजल वेरिएंट्स की जबरदस्त मांग
2025 में बिकने वाली Creta की 70% से ज्यादा यूनिट्स सनरूफ वाले वेरिएंट्स की रहीं। इसके अलावा, SUV सेगमेंट में डीजल की मजबूत पकड़ को दिखाते हुए 44% बिक्री डीजल वेरिएंट्स से आई। यह आंकड़े बताते हैं कि फीचर्स और फ्यूल ऑप्शन दोनों ही ग्राहकों के लिए अहम हैं।
इंजन और ट्रांसमिशन के कई विकल्प
Hyundai Creta को अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखकर कई इंजन और ट्रांसमिशन विकल्पों के साथ पेश किया गया है। इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल, 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन का विकल्प मिलता है, जिससे ग्राहक अपने ड्राइविंग स्टाइल और बजट के अनुसार सही इंजन चुन सकते हैं। ट्रांसमिशन की बात करें तो इसमें 6-स्पीड मैनुअल के साथ IVT, 7-स्पीड DCT और 6-स्पीड ऑटोमैटिक जैसे आधुनिक विकल्प दिए गए हैं, जो शहर की ड्राइविंग से लेकर हाईवे सफर तक आरामदायक और आसान अनुभव देते हैं।
यह भी पढ़ें- जनवरी 2026 में लॉन्च होने वाली नई कारें: SUV से लेकर EV तक, ऑटो इंडस्ट्री में मचेगी हलचल