JSW Combat SUV: JSW मोटर्स ने भारतीय बाजार में अपनी एंट्री की तैयारी तेज कर दी है और कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट लाइव हो गई है। कंपनी 3 दिसंबर 2026 को अपना ब्रांड पेश करेगी, जबकि पहली एसयूवी JSW कॉम्बैट (Combat) भी दिसंबर में डेब्यू करेगी।

JSW Combat SUV Launch Details
जेएसडब्ल्यू मोटर्स (JSW Motors) की पहली कार Combat एक बॉक्सी डिजाइन वाली D-सेगमेंट एसयूवी होगी। यह एसयूवी अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिकने वाली Jetour T2 पर आधारित है। कंपनी की वेबसाइट पर संभावित ग्राहक अपनी दिलचस्पी दर्ज करा सकते हैं।
JSW Combat की अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत करीब 40 लाख रुपये हो सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी आधिकारिक कीमत और बिक्री की तारीख का खुलासा नहीं किया है। इस एसयूवी में प्लग-इन हाइब्रिड पावरट्रेन मिलने की उम्मीद है। इसमें 1.5-लीटर, चार-सिलेंडर टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर और 18.4kWh का बैटरी पैक होगा। इसका संयुक्त आउटपुट लगभग 360hp की पावर और 610Nm का टॉर्क हो सकता है। पावर फ्रंट व्हील्स तक पहुंचाने के लिए 3-स्पीड डेडिकेटेड हाइब्रिड ट्रांसमिशन काम करेगा।
Battery, Range and Features
ग्लोबल मार्केट में बिकने वाली Jetour T2 प्लग-इन हाइब्रिड की बैटरी NEDC साइकिल के अनुसार 90 km की इलेक्ट्रिक रेंज देती है। वहीं, कंपनी के ग्लोबल-स्पेक मॉडल में कुल ड्राइविंग रेंज 1,200 km बताई गई है। चार्जिंग की बात करें तो 6.6kW AC चार्जर से बैटरी को 30 से 100 प्रतिशत चार्ज करने में करीब 3 घंटे लगते हैं। वहीं, 50kW DC चार्जर की मदद से 30 से 80 प्रतिशत चार्जिंग में लगभग 27 मिनट लगते हैं।
इंटीरियर की बात करें तो JSW Combat का केबिन Jetour T2 जैसा रहने की उम्मीद है। इसमें JSW की ब्रांडिंग के अलावा बड़े बदलाव की संभावना कम है। फीचर्स की सूची में 15.6-इंच का इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन और 10.6-इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले शामिल हो सकता है। इसके अलावा, 12-स्पीकर साउंड सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ और 540-डिग्री कैमरा भी मिलने की उम्मीद है। एसयूवी में पावर्ड और वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, एम्बिएंट लाइटिंग और अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स भी हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें- नई टोयोटा फॉर्च्यूनर फेसलिफ्ट की पहली झलक आई सामने