KTM इस समय अपने नए 350cc इंजन पर तेजी से काम कर रही है। स्पाई तस्वीरों में जो टेस्ट म्यूल नजर आया है, माना जा रहा है कि उसमें यही नया इंजन इस्तेमाल किया गया है।
केटीएम (KTM) की नई और अलग अंदाज वाली बाइक KTM 390 SMC R को हाल ही में भारत की सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। जैसे ही इसकी स्पाई तस्वीरें सामने आईं, ऑटोमोबाइल जगत में हलचल मच गई। हालांकि बाइक को भारत में टेस्ट किया जा रहा है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए इसका लॉन्च फिलहाल तय नहीं माना जा रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह है सरकार द्वारा लागू किया गया GST 2.0 नियम, जिसके तहत 350cc से ऊपर की मोटरसाइकिलों पर टैक्स बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दिया गया है। इसी कारण KTM अब अपनी 399cc इंजन वाली बाइक्स को 350cc से कम कैपेसिटी में लाने की योजना बना रही है।

350cc इंजन पर काम कर रही है KTM
केटीएम इस समय अपने नए 350cc इंजन पर तेजी से काम कर रही है। स्पाई तस्वीरों में जो टेस्ट म्यूल नजर आया है, माना जा रहा है कि उसमें यही नया इंजन इस्तेमाल किया गया है। यह मोटर मौजूदा 399cc इंजन का ही बोर्ड-डाउन वर्जन होगी, जिसे खासतौर पर भारत के नए टैक्स नियमों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह नया 350cc इंजन करीब 40 बीएचपी की पावर जनरेट कर सकता है, जिससे परफॉर्मेंस में ज्यादा गिरावट देखने को नहीं मिलेगी। KTM की पहचान हमेशा तेज और दमदार बाइक्स रही है, ऐसे में राइडर्स को पावर के मामले में कोई बड़ी कमी महसूस नहीं होगी। कंपनी सबसे पहले इस इंजन को अपनी मौजूदा बाइक्स जैसे KTM 390 Duke, KTM 390 Adventure और KTM 390 Enduro में इस्तेमाल कर सकती है।
KTM 390 SMC R क्या है खास?
KTM 390 SMC R की बात करें तो यह बाइक असल में KTM 390 Enduro R पर आधारित है, लेकिन इसमें कुछ अहम बदलाव किए गए हैं। सबसे बड़ा अंतर इसके व्हील सेटअप में देखने को मिलता है। जहां Enduro R में आगे 21-इंच और पीछे 18-इंच का पहिया मिलता है, वहीं SMC R में आगे और पीछे दोनों तरफ 17-इंच के अलॉय व्हील दिए गए हैं। यही बदलाव इसे एक असली सुपरमोटो बाइक बनाता है, जो खासतौर पर तेज कॉर्नरिंग, बेहतर कंट्रोल और ट्रैक राइडिंग के लिए जानी जाती है।
सुपरमोटो क्या होता है?
सुपरमोटो दरअसल मोटरसाइकिल रेसिंग का एक खास फॉर्मेट होता है, जिसमें रेस ट्रैक, मोटोकॉस और फ्लैट ट्रैक, तीनों का मिश्रण देखने को मिलता है। यूरोप और नॉर्थ अमेरिका जैसे बाजारों में सुपरमोटो बाइक्स काफी लोकप्रिय हैं, लेकिन भारत में अभी यह सेगमेंट ज्यादा जाना-पहचाना नहीं है। यही वजह है कि KTM 390 SMC R जैसी यूनिक बाइक के खरीदार भारत में फिलहाल सीमित हो सकते हैं।
इंजन और मैकेनिकल डिटेल्स
अगर इंटरनेशनल स्पेसिफिकेशन की बात करें तो KTM 390 SMC R में 399cc का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 44.38 bhp की पावर और 39 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके मैकेनिकल पार्ट्स जैसे सस्पेंशन, ब्रेक्स और फ्रेम काफी हद तक 390 Enduro R जैसे ही हैं। अगर यह बाइक भारत में लॉन्च होती है, तो यह देश की पहली डेडिकेटेड सुपरमोटो मोटरसाइकिल बन सकती है।
क्या भारत में बनेगा नया सेगमेंट?
जिस तरह कभी हीरो इम्पल्स और बजाज SX एंड्यूरो ने भारत में ऑफ-रोड और ड्यूल-स्पोर्ट सेगमेंट की शुरुआत की थी, उसी तरह KTM 390 SMC R सुपरमोटो सेगमेंट की नींव रख सकती है। हालांकि यह सेगमेंट अभी भारत में काफी छोटा है और आम राइडर्स इसके कॉन्सेप्ट से ज्यादा परिचित नहीं हैं, ऐसे में इसकी बिक्री सीमित रहने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
आगे की KTM की बड़ी योजना
आगे की योजना की बात करें तो KTM फिलहाल इंटरनेशनल मार्केट में अपनी 399cc इंजन वाली बाइक्स की बिक्री जारी रख सकती है। भारत में इन मॉडलों का लॉन्च तभी संभव माना जा रहा है जब नया 350cc इंजन पूरी तरह तैयार हो जाएगा। इसके साथ ही कंपनी एक नया 500cc पैरेलल-ट्विन इंजन भी विकसित कर रही है, जो उन ग्राहकों के लिए होगा जो 250cc या 390cc से ऊपर ज्यादा पावरफुल अपग्रेड चाहते हैं। यह नया इंजन KTM को अप्रिलिया और बीएमडब्ल्यू जैसी प्रीमियम ब्रांड्स के खिलाफ मजबूत मुकाबले में लाने में मदद करेगा।

