KTM RC 160 भारत में ₹1.85 लाख की शुरुआती कीमत पर लॉन्च हो गई है। इस बाइक में मजबूत ट्रेलिस फ्रेम का इस्तेमाल किया गया है, जो बेहतर स्टेबिलिटी देता है।
KTM इंडिया ने भारतीय बाजार में अपनी नई स्पोर्ट्स बाइक KTM RC 160 को लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹1.85 लाख रखी गई है। यह बाइक केटीएम (KTM) की सुपरस्पोर्ट RC लाइन-अप की सबसे किफायती बाइक बन गई है। RC 160 को RC 200 के नीचे रखा गया है और यह अब बंद हो चुकी RC 125 की जगह लेती है।

डिजाइन और लुक: RC 200 से इंस्पायर्ड
केटीएम RC 200 से प्रेरित KTM RC 160 का डिजाइन काफी स्पोर्टी और अग्रेसिव है। इसमें तेज़ लुक वाला एलईडी हेडलैंप, डे-टाइम रनिंग लाइट्स और आगे की ओर झुकी हुई एयरोडायनामिक विंडस्क्रीन दी गई है, जो इसे पूरी तरह रेसिंग बाइक जैसा एहसास देती है। बाइक में पॉलिगोनल शेप के रियर-व्यू मिरर्स, दमदार फ्यूल टैंक और स्प्लिट सीट दी गई है, जिससे इसका ओवरऑल लुक काफी आकर्षक और यूथ-फ्रेंडली बनता है। फेयरिंग पर दिए गए ग्राफिक्स RC 200 जैसे ही हैं, लेकिन साइड में लगा RC 160 बैज और KTM का मशहूर “रेडी टू रेस” ग्राफिक इसे अलग पहचान देता है।
KTM RC 160: इंजन और परफॉर्मेंस
केटीएम RC 160 में 164cc का सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो KTM 160 Duke में भी मिलता है। यह इंजन 9,500 rpm पर 19 hp की पावर और 7,500 rpm पर 15.5 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसे 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है और इसमें असिस्ट व स्लिपर क्लच भी दिया गया है, जिससे गियर शिफ्टिंग आसान हो जाती है। कंपनी के मुताबिक, इस बाइक की टॉप स्पीड 118 किमी/घंटा है, जो इसे अपने सेगमेंट में काफी दमदार बनाती है।
सस्पेंशन, ब्रेक और हार्डवेयर
इस बाइक में मजबूत ट्रेलिस फ्रेम का इस्तेमाल किया गया है, जो बेहतर स्टेबिलिटी देता है। सस्पेंशन के लिए आगे 37mm के USD फ्रंट फोर्क्स और पीछे मोनोशॉक दिया गया है, जिससे खराब सड़कों पर भी राइड आरामदायक रहती है। ब्रेकिंग के लिए इसमें आगे 320mm और पीछे 230mm का डिस्क ब्रेक मिलता है। सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए डुअल-चैनल ABS स्टैंडर्ड दिया गया है। बाइक 17-इंच के अलॉय व्हील्स पर चलती है, जो अच्छी ग्रिप और कंट्रोल देते हैं।
KTM RC 160: फीचर्स और टेक्नोलॉजी
केटीएम RC 160 में एलसीडी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जिसमें स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन जैसे आधुनिक फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा बाइक में ऑल-एलईडी लाइटिंग भी दी गई है, जिससे रात में विजिबिलिटी बेहतर रहती है और लुक भी ज्यादा प्रीमियम लगता है।
Yamaha R15 से मुकाबला
भारतीय बाजार में KTM RC 160 का सीधा मुकाबला यामाहा R15 से है। यामाहा R15 की शुरुआती कीमत ₹1.66 लाख (एक्स-शोरूम) है और हाल ही में इसकी कीमत में ₹5,000 की कटौती भी की गई है। जहां R15 अपनी स्मूद राइडिंग और बेहतर माइलेज के लिए जानी जाती है, वहीं केटीएम RC 160 ज्यादा पावर, स्पोर्टी परफॉर्मेंस और अग्रेसिव रेसिंग डिजाइन के दम पर युवाओं को खासा आकर्षित करती है।
यह भी पढ़ें- एथर 450X इलेक्ट्रिक स्कूटर में OTA अपडेट से मिला क्रूज कंट्रोल फीचर


