Mahindra की आने वाली नई Mahindra Vision S एसयूवी को मनाली में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। यह एसयूवी अभी अपने लगभग प्रोडक्शन रेडी फॉर्म में नजर आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी इस एसयूवी (SUV) को 2027 में लॉन्च कर सकती है दरअसल, Mahindra ने 2025 के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर चार नए एसयूवी कॉन्सेप्ट मॉडल पेश किए थे। इनमें से एक Vision S (sub-4 metre) SUV भी थी। अब इसके टेस्ट म्यूल्स सामने आने से साफ है कि कंपनी इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम कर रही है।

बॉक्सी और मजबूत डिजाइन
टेस्टिंग के दौरान दिखाई गई Vision S SUV को भारी कैमुफ्लाज से ढका गया था, लेकिन इसके बावजूद इसकी डिजाइन की झलक साफ नजर आती है। इस एसयूवी का बॉक्सी और सीधा खड़ा स्टाइल इसे एक मजबूत ऑफ-रोड वाहन जैसा लुक देता है। इसे देखकर लगता है कि यह सिर्फ शहर की सड़कों के लिए नहीं, बल्कि खराब और ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर चलने के लिए भी बनाई जा रही है।
सामने की तरफ टेस्ट मॉडल में गोल हेडलाइट्स लगाए गए थे, लेकिन माना जा रहा है कि प्रोडक्शन मॉडल में पिक्सेल-स्टाइल एलईडी हेडलाइट्स दी जाएंगी, जैसा इसके कॉन्सेप्ट मॉडल में दिखाया गया था। इसके अलावा इसमें चौकोर विंडो डिजाइन, मजबूत शोल्डर लाइन और बड़े व्हील्स भी नजर आए, जो इसे और ज्यादा दमदार लुक देते हैं। वहीं फ्लश डोर हैंडल्स SUV को मॉडर्न टच देते हैं।
पीछे का डिजाइन भी दमदार
SUV के पीछे की तरफ भी इसका मजबूत डिजाइन देखने को मिलता है। इसमें मोटे रियर पिलर्स और टेलगेट पर लगा स्पेयर व्हील दिखाई दिया। इन डिजाइन एलिमेंट्स की वजह से यह एसयूवी काफी रग्ड और ऑफ-रोडिंग के लिए तैयार नजर आती है। अगर टेस्टिंग मॉडल को देखें, तो संभावना है कि इसका प्रोडक्शन वर्जन भी कॉन्सेप्ट मॉडल के काफी करीब हो सकता है।

केबिन में मिल सकते हैं आधुनिक फीचर्स
टेस्टिंग के दौरान SUV का इंटीरियर पूरी तरह से तैयार नहीं था, लेकिन कंपनी के कॉन्सेप्ट टीजर के आधार पर कुछ संभावित फीचर्स का अंदाजा लगाया जा सकता है। माना जा रहा है कि इसमें ड्यूल-टोन नेवी ब्लू और ग्रे इंटीरियर दिया जा सकता है। साथ ही डैशबोर्ड पर ड्यूल स्क्रीन सेटअप मिल सकता है, जिसमें एक इंफोटेनमेंट सिस्टम और दूसरा डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर होगा। इसके अलावा इसमें तीन-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, ‘Vision S’ ब्रांडिंग, सिल्वर फिनिश वाले त्रिकोण आकार के AC वेंट्स और ग्लॉस ब्लैक सेंटर कंसोल जैसे फीचर्स भी मिल सकते हैं।
इंजन और प्लेटफॉर्म
Mahindra ने अभी तक Vision S SUV के इंजन और पावरट्रेन से जुड़ी पूरी जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि जानकारी के मुताबिक यह एसयूवी कंपनी के NU IQ प्लेटफॉर्म पर आधारित हो सकती है। उम्मीद है कि इसमें पेट्रोल और डीजल दोनों इंजन विकल्प दिए जाएंगे।
किन कारों से होगा मुकाबला
भारत के Sub-4 metre SUV सेगमेंट में Vision S को कई मजबूत प्रतिद्वंद्वियों का सामना करना पड़ सकता है। इसका मुकाबला मारुति सुजुकी जिम्नी, महिंद्रा थार 3-डोर और आने वाली Renault Bridger एसयूवी से माना जा रहा है। अपने रग्ड डिजाइन और ऑफ-रोडिंग स्टाइल के कारण Vision S इस सेगमेंट में अलग पहचान बना सकती है।
यह भी पढ़ें- Shahid Kapoor ने खरीदी 2.9 करोड़ की Mercedes G-Class
Mahindra Vision S को देखकर लगता है कि कंपनी छोटी लेकिन दमदार ऑफ-रोड SUV तैयार कर रही है। अगर इसका प्रोडक्शन मॉडल कॉन्सेप्ट के जैसा ही रहा, तो 2027 में लॉन्च होने के बाद यह SUV भारतीय बाजार में काफी चर्चा बटोर सकती है।

