जर्मन लग्जरी कार निर्माता मर्सिडीज-बेंज (Mercedes-Benz) ने भारत में अपनी प्रीमियम MPV मर्सिडीज-बेंज वी-क्लास (Mercedes-Benz V-Class) को ₹1.40 करोड़ (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च कर दिया है। चार साल के अंतराल के बाद यह लग्जरी वैन भारतीय बाजार में वापसी कर रही है। यह मॉडल प्रीमियम पीपल-मूवर सेगमेंट में टोयोटा वेलफायर और लेक्सस LM को सीधी टक्कर देगा।

रियर सीट कम्फर्ट और लग्जरी फीचर्स
नई Mercedes-Benz V-Class को 4-सीटर और 6-सीटर ऑप्शन में पेश किया गया है। इस लग्जरी MPV में खास तौर पर पीछे बैठने वाले यात्रियों के आराम का पूरा ध्यान रखा गया है। इसकी लाउंज सीट्स इलेक्ट्रिक तरीके से एडजस्ट की जा सकती हैं और इनमें पीछे झुकने (रिक्लाइन), मसाज, वेंटिलेशन और हीटिंग जैसी सुविधाएं मिलती हैं। 6-सीटर वेरिएंट में तीसरी पंक्ति की सीट्स में भी वेंटिलेशन दिया गया है, जिससे लंबी यात्रा के दौरान भी सफर आरामदायक रहता है।

केबिन के अंदर बैठते ही प्राइवेट जेट जैसी फीलिंग मिलती है। इसमें 3-ज़ोन क्लाइमेट कंट्रोल, प्रीमियम बर्मेस्टर साउंड सिस्टम और 64-कलर एंबिएंट लाइटिंग दी गई है, जिससे माहौल और भी शानदार बन जाता है। डैशबोर्ड पर दो 12.3-इंच की बड़ी स्क्रीन मिलती हैं, जो डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और इंफोटेनमेंट सिस्टम को सपोर्ट करती हैं।
सेफ्टी और साइज में भी दमदार
सेफ्टी के मामले में भी नई Mercedes V-Class काफी एडवांस है। इसमें 7 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा और लेवल-2 ADAS जैसे आधुनिक सेफ्टी फीचर्स मिलते हैं, जो हाईवे पर ड्राइविंग को ज्यादा सुरक्षित और आसान बनाते हैं।
साइज की बात करें तो इसकी लंबाई 5.3 मीटर और व्हीलबेस 3.4 मीटर है, जिससे यह अपने सेगमेंट की सबसे बड़ी MPV बन जाती है। बाहर की डिजाइन में 18-इंच ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स, एलईडी हेडलैम्प्स के साथ डीआरएल, पावर्ड स्लाइडिंग डोर्स और स्प्लिट टेलगेट जैसे फीचर्स मिलते हैं। यह MPV कई आकर्षक कलर ऑप्शन में उपलब्ध है।
इंजन और पावर
नई Mercedes V-Class पेट्रोल और डीजल दोनों इंजन विकल्पों में आती है। V300 पेट्रोल इंजन 248bhp की पावर देता है, जबकि V300d डीजल इंजन 233bhp की ताकत जनरेट करता है। दोनों इंजन 9-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आते हैं, जिससे ड्राइविंग स्मूद और पावरफुल रहती है।
यह भी पढ़ें- Toyota Land Cruiser और Lexus LX में बड़ी तकनीकी खामी, कंपनी ने किया Recall
कुल मिलाकर Mercedes V-Class एक ऐसी लग्जरी MPV है, जो आराम, टेक्नोलॉजी और सेफ्टी तीनों का बेहतरीन मेल देती है। परिवार या बिजनेस ट्रैवल के लिए प्रीमियम और शानदार अनुभव चाहने वाले ग्राहकों के लिए यह एक शानदार विकल्प साबित हो सकती है।

