Audi A5 Spied in India: भारतीय बाजार में ऑडी (Audi) अपनी नई सेडान ऑडी A5 को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। हाल ही में इस कार को भारत में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जो कंपनी के नए प्रोडक्ट प्लान का हिस्सा है।
ऑडी ने इस साल भारतीय बाजार के लिए तीन नए प्रोडक्ट लाने की पुष्टि की थी। इनमें से पहली कार नई Q3 एसयूवी है, जिसे पिछले महीने लॉन्च किया गया था। अब ऑडी A5 इस योजना का अगला मॉडल होगी।

Audi A5 Design and Features
नई Audi A5 को साल 2024 में ग्लोबल मार्केट में लॉन्च किया गया था। यह कार ऑडी की सेडान लाइनअप में A4 की जगह लेती है। दरअसल, कंपनी ने अपने नामकरण की नई रणनीति अपनाई है। इसके तहत इलेक्ट्रिक कारों के लिए ईवन नंबर और पेट्रोल-डीजल कारों के लिए ऑड नंबर का इस्तेमाल किया जाता है।
डिजाइन की बात करें तो नई A5 अपने पुराने मॉडल A4 से बड़ी और ज्यादा चौड़ी है। इसमें ऑडी की नई डिजाइन लैंग्वेज देखने को मिलती है। इसके फ्रंट में अपडेटेड ग्रिल और नए डिजाइन के एलॉय व्हील दिए गए हैं। वहीं, इसका फोर-डोर कूपे जैसा डिजाइन इसे अलग पहचान देता है।
इंटीरियर की बात करें तो नई Audi A5 का केबिन नई Q3 से मिलता-जुलता होगा। इसमें डुअल डिजिटल स्क्रीन, नया स्टीयरिंग व्हील और आधुनिक AC कंट्रोल मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा डोर और मिरर कंट्रोल में भी नया डिजाइन देखने को मिलेगा। हालांकि, भारत में मिलने वाले सभी फीचर्स की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
Engine and Rivals
इंटरनेशनल मार्केट में ऑडी A5 पेट्रोल, हाइब्रिड और डीजल इंजन विकल्पों के साथ उपलब्ध है। हालांकि, भारतीय बाजार में इसके 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ आने की उम्मीद है। यह इंजन 148bhp की पावर और 280Nm का टॉर्क जनरेट कर सकता है।
इंजन को 7-स्पीड DCT गियरबॉक्स से जोड़ा जाएगा। यह गियरबॉक्स कार के अगले पहियों तक पावर पहुंचाएगा। फिलहाल भारतीय मॉडल के इंजन और ट्रांसमिशन से जुड़ी जानकारी आधिकारिक तौर पर कन्फर्म नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें- किआ इंडिया का बड़ा प्लान, दूसरी फैक्ट्री के लिए 18,800 करोड़ का निवेश
भारत में लॉन्च होने के बाद ऑडी A5 का मुकाबला BMW 3 सीरीज और मर्सिडीज-बेंज C-क्लास जैसी लग्जरी सेडान से होगा। इसके अलावा कंपनी इसे BMW X3 और मर्सिडीज-बेंज़ GLC जैसी लग्जरी SUVs के विकल्प के रूप में भी पेश करना चाहती है।
ऑडी के लिए भारत में A4 एक जाना-पहचाना नाम रहा है। ऐसे में A5 से भी कंपनी को काफी उम्मीदें होंगी। इसकी कीमत, लॉन्च तारीख और भारतीय मॉडल के फीचर्स की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।