भारत में नई टाटा टियागो ईवी (New Tata Tiago EV) को लॉन्च कर दिया गया है। टाटा मोटर्स ने अपनी इस किफायती इलेक्ट्रिक हैचबैक को नए डिजाइन, अपडेटेड इंटीरियर और कई नए फीचर्स के साथ पेश किया है। खास बात यह है कि इसकी शुरुआती कीमत ₹4.69 लाख रखी गई है, जो BaaS (बैटरी-एज-अ-सर्विस) स्कीम के तहत लागू होगी। वहीं अगर आप बैटरी सहित कार खरीदना चाहते हैं, तो इसकी शुरुआती कीमत ₹6.99 लाख (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है। ऐसे में यह देश की सबसे किफायती इलेक्ट्रिक कारों में से एक बनी हुई है।

पहले से ज्यादा स्टाइलिश हुई नई Tata Tiago EV
नई टाटा टियागो ईवी के एक्सटीरियर में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। कंपनी ने इसमें नया फ्रंट और रियर बंपर दिया है, जिससे कार पहले के मुकाबले ज्यादा मॉडर्न दिखती है। इसके अलावा इसमें नया ब्लैक ग्रिल, ब्लैक ओआरवीएम, ब्लैक विंडो लाइन और नए डिजाइन वाले अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। वहीं एलईडी हेडलाइट्स और नए एलईडी टेललाइट्स इसकी प्रीमियम फील को और बेहतर बनाते हैं। कार के पीछे अब नया Tiago EV बैजिंग भी देखने को मिलता है, जिससे इसका लुक पहले से ज्यादा फ्रेश नजर आता है।
इंटीरियर में मिले कई बड़े अपडेट
नई New Tata Tiago EV का केबिन भी अब ज्यादा प्रीमियम हो गया है। इसमें नया फ्रीस्टैंडिंग रंगीन इंस्ट्रूमेंट कंसोल दिया गया है। साथ ही कंपनी ने इसमें 10.25-इंच की फ्लोटिंग टचस्क्रीन यूनिट जोड़ा है, जो अब ज्यादा मॉडर्न एक्सपीरियंस देता है। सेंटर कंसोल को भी नए तरीके से डिजाइन किया गया है। इसके अलावा कार में नया टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, रियर एसी वेंट, नया अपहोल्स्ट्री थीम और पावर विंडो के लिए नए बटन दिए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब पुरानी गियर लीवर की जगह रोटरी डायल शिफ्टर दिया गया है, जिससे कार का इंटीरियर और फ्यूचरिस्टिक लगता है।
बैटरी और पावरट्रेन में नहीं हुआ बदलाव
हालांकि कंपनी ने इसके मैकेनिकल सेटअप में कोई बदलाव नहीं किया है। नई टाटा टियागो ईवी पहले की तरह दो बैटरी पैक ऑप्शन के साथ आती है। इसमें 19.2kWh और 24kWh बैटरी पैक मिलता है। कंपनी इन्हें MR (मीडियम रेंज) और LR (लॉन्ग रेंज) वर्जन में बेचती है। इसी वजह से ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से सही मॉडल चुन सकते हैं।
नई Tata Tiago EV की कीमतें (एक्स-शोरूम)
| बैटरी पैक | वेरिएंट | कीमत |
| 19.2kWh | स्मार्ट (Smart) | ₹6.99 लाख |
| 19.2kWh | प्योर+ (Pure+) | ₹8.49 लाख |
| 24kWh | प्योर+ (Pure+) | ₹9.49 लाख |
| 24kWh | क्रिएटिव (Creative) | ₹9.99 लाख |
किन कारों को देगी टक्कर?
भारतीय बाजार में New Tata Tiago EV का मुकाबला मुख्य रूप से छोटी और किफायती EVs से रहेगा। वहीं कीमत के हिसाब से यह कुछ हद तक MG कॉमेट ईवी और कंपनी की अपनी टाटा पंच ईवी के एंट्री वेरिएंट्स को चुनौती दे सकती है। अगर आप कम बजट में एक इलेक्ट्रिक कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो नई टाटा टियागो ईवी आपके लिए एक शानदार विकल्प साबित हो सकती है।