Ola Electric ने महज चार साल में 10 लाख इलेक्ट्रिक वाहनों का निर्माण कर एक नया इतिहास रच दिया है। इस खास मौके पर कंपनी ने रोडस्टर X+ स्पेशल एडिशन पेश किया है।
भारत की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनी ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) ने एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। कंपनी ने घोषणा की है कि उसने अब तक 10 लाख (1 मिलियन) इलेक्ट्रिक वाहन बना लिए हैं। यह उपलब्धि कंपनी ने सिर्फ चार साल के अंदर हासिल की है। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए ओला ने नया रोडस्टर X+ स्पेशल एडिशन (Roadster X+ Special Edition) लॉन्च किया है। जिसमें नया डिज़ाइन, सस्टेनेबल मटेरियल और भारत सेल बैटरी तकनीक शामिल है।
Ola Electric: रोडस्टर X+ स्पेशल एडिशन
यह ऐतिहासिक माइलस्टोन कंपनी के फ्यूचरफैक्ट्री (Futurefactory), कृष्णागिरी, तमिलनाडु से हासिल हुआ है। नए रोडस्टर X+ स्पेशल एडिशन को मिडनाइट ब्लू कलर में पेश किया गया है, जिसमें स्पोर्टी रेड एक्सेंट्स दिए गए हैं। खासतौर पर डुअल-टोन सीट, रिम्स और बैटरी पैक पर रेड टच देखने को मिलता है। Ola Electric ने 2021 में प्रोडक्शन शुरू किया था और इतने कम समय में ही यह बड़ी सफलता हासिल की है। कंपनी के अनुसार, यह सब S1 इलेक्ट्रिक स्कूटर सीरीज और हाल ही में लॉन्च हुई रोडस्टर X इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल की बढ़ती डिमांड की वजह से संभव हुआ है।
स्पेशल एडिशन रोडस्टर X+ सिर्फ लुक्स में ही नहीं बल्कि सस्टेनेबिलिटी में भी खास है। इसमें रीसाइकल्ड कॉपर वेस्ट से बने बैज और इलेक्ट्रोप्लेटेड बार एंड्स का इस्तेमाल किया गया है। यह ओला की डिजाइन फिलॉसफी को दर्शाता है जिसमें पर्यावरण का ध्यान रखा गया है। इसी के साथ, कार्यक्रम में कंपनी ने अपने 4680 भारत सेल बैटरी तकनीक से चलने वाले नए मॉडल भी पेश किए। इनमें S1 प्रो+ (5.2kWh बैटरी) और रोडस्टर X+ (9.1kWh बैटरी) शामिल हैं। इनकी कीमत क्रमशः ₹1,69,999 और ₹1,89,999 रखी गई है। डिलीवरी नवरात्रि 2025 से शुरू होगी।
यह भी पढ़ें- दमदार इंजन और हाई-टेक फीचर्स के साथ भारत लौटी Honda Fireblade SP
इसके अलावा ओला ने अपने नए S1 प्रो स्पोर्ट स्कूटर की भी झलक दिखाई। यह स्पोर्ट्स स्कूटर 4680 भारत सेल बैटरी पर आधारित होगा और 5.2kWh व 4kWh वेरिएंट्स में आएगा। इसकी शुरुआती कीमत ₹1,49,999 होगी और डिलीवरी जनवरी 2026 से शुरू होगी। इस तरह ओला इलेक्ट्रिक ने न सिर्फ 10 लाख प्रोडक्शन का रिकॉर्ड बनाया है, बल्कि भारतीय ईवी इंडस्ट्री को नई दिशा देने का काम भी किया है।


