फॉक्सवैगन (Volkswagen) की सबसे अहम लॉन्च टैरॉन R-लाइन एसयूवी होगी, जिसे मार्च 2026 में भारतीय बाजार में उतारने की तैयारी है।
फॉक्सवैगन इंडिया (Volkswagen India) साल 2026 में भारतीय ऑटो बाजार के लिए बड़ा प्लान तैयार कर रही है। कंपनी आने वाले कुछ समय में कुल पांच नई और अपडेटेड कारें लॉन्च करेगी, जिनमें दो टैरॉन एसयूवी, टाइगुन और वर्टूस के फेसलिफ्ट मॉडल और एक बार फिर गोल्फ जीटीआई शामिल होगी। इन लॉन्च के जरिए फॉक्सवैगन प्रीमियम एसयूवी और परफॉर्मेंस सेगमेंट में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करना चाहती है। कंपनी का फोकस अब सिर्फ सेल बढ़ाने पर नहीं, बल्कि ब्रांड इमेज और प्रीमियम पहचान बनाने पर भी है।
Volkswagen Tayron R-Line: मार्च 2026 में होगी एंट्री
फॉक्सवैगन की सबसे अहम लॉन्च टैरॉन R-लाइन एसयूवी होगी, जिसे मार्च 2026 में भारतीय बाजार में उतारने की तैयारी है। यह एसयूवी टिग्वान ऑलस्पेस के बंद होने के बाद उसकी जगह लेगी और कंपनी की तीन-रो वाली प्रीमियम एसयूवी के तौर पर पेश की जाएगी। टैरॉन R-लाइन (Tayron R-Line) में 2.0 लीटर का टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेगा, जिसे DSG ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जोड़ा जाएगा। इसका डिजाइन स्पोर्टी होगा और इसमें R-लाइन पैकेज के खास एलिमेंट्स देखने को मिलेंगे। यह एसयूवी लंबी बॉडी के साथ आएगी, जिससे तीसरी रो के लिए बेहतर स्पेस मिलेगा। फॉक्सवैगन इसकी असेंबली भारत के छत्रपति संभाजीनगर प्लांट में कर रही है। इसकी संभावित कीमत करीब 50 लाख रुपये एक्स-शोरूम मानी जा रही है।
Standard Volkswagen Tayron: 2026 की दूसरी तिमाही में लॉन्च
टैरॉन R-लाइन के बाद कंपनी इसका एक स्टैंडर्ड वर्जन भी लॉन्च करेगी, जिसे 2026 की दूसरी तिमाही में बाजार में उतारा जाएगा। यह मॉडल दो-रो सीटिंग लेआउट के साथ आएगा और उन ग्राहकों को टारगेट करेगा जिन्हें सात सीटों की जरूरत नहीं होती। भारत में आने वाली टैरॉन के इस वर्जन में 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलने की संभावना है, जो DSG ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आएगा। यह एसयूवी प्रीमियम मिड-साइज सेगमेंट में एक नया विकल्प बनेगी। इसकी कीमत लगभग 45 से 48 लाख रुपये एक्स-शोरूम के बीच हो सकती है।
Volkswagen Taigun Facelift 2026: मिलेगा नया लुक
फॉक्सवैगन अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट एसयूवी टाइगुन (Taigun) को भी 2026 में फेसलिफ्ट देने जा रही है। टाइगुन फेसलिफ्ट को 2026 की दूसरी तिमाही में लॉन्च किया जाएगा। इस अपडेट में कार के एक्सटीरियर डिजाइन और फीचर्स पर ज्यादा काम किया जाएगा, जबकि इसके प्लेटफॉर्म और इंजन में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। नए बंपर, नए अलॉय व्हील और कुछ कॉस्मेटिक बदलाव इसमें देखने को मिल सकते हैं। इसके अलावा इसमें पैनोरमिक सनरूफ जैसे फीचर्स जोड़े जाने की भी उम्मीद है। इंजन ऑप्शन पहले की तरह 1.0 लीटर और 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल ही रहेंगे। हालांकि 1.0 लीटर इंजन के साथ 6-स्पीड ऑटोमैटिक की जगह 8-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर गियरबॉक्स मिलने की संभावना जताई जा रही है। इसकी कीमत 12 लाख से 19 लाख रुपये एक्स-शोरूम के बीच रह सकती है।
Volkswagen Virtus Facelift: पहली बार मिल सकता है ADAS
फॉक्सवैगन की प्रीमियम सेडान Virtus को भी 2026 में अपडेट किया जाएगा। वर्टूस फेसलिफ्ट (Virtus Facelift) को साल की तीसरी तिमाही में लॉन्च किया जा सकता है। इस फेसलिफ्ट में कार को नया लुक और बेहतर इंटीरियर मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही यह पहली फॉक्सवैगन (Volkswagen) सेडान बन सकती है जिसमें ADAS जैसे सेफ्टी फीचर्स दिए जाएं। इंजन के तौर पर इसमें भी 1.0 लीटर और 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन जारी रहेंगे। 1.5 लीटर इंजन के साथ मैनुअल और DSG दोनों ट्रांसमिशन विकल्प मिलते रहेंगे। वर्टूस फेसलिफ्ट की अनुमानित कीमत 12 लाख से 18 लाख रुपये एक्स-शोरूम के बीच हो सकती है।
Volkswagen Golf GTI: फिर लौटेगी परफॉर्मेंस हैचबैक
फॉक्सवैगन साल 2026 में परफॉर्मेंस कार पसंद करने वालों के लिए गोल्फ जीटीआई (Golf GTI) का दूसरा बैच भी भारत लाने की योजना बना रही है। पहला बैच काफी लिमिटेड था, जिसमें सिर्फ 150 यूनिट्स ही भारत लाई गई थीं और सभी कारें कीमत घोषित होने से पहले ही बुक हो गई थीं। इसी जबरदस्त रिस्पॉन्स को देखते हुए कंपनी गोल्फ जीटीआई को दोबारा लॉन्च करेगी। इसमें 2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो DSG ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ फ्रंट व्हील्स को पावर देगा। यह कार भी लिमिटेड यूनिट्स में आएगी और इसकी कीमत लगभग 53 लाख रुपये एक्स-शोरूम हो सकती है।

