बीएमडब्ल्यू मोटरराड इंडिया ने 2025 BMW G 310 RR का टीजर जारी किया है। इसमें कई एडवांस फीचर्स के साथ अब ज्यादा पावर मिलने की उम्मीद है।
BMW Motorrad और TVS Motor की साझेदारी से तैयार 310cc प्लेटफॉर्म भारत में काफी पॉपुलर हो चुका है। इसी प्लेटफॉर्म पर BMW ने अब तक G 310 R (स्ट्रीट नेकेड), G 310 GS (एडवेंचर टूरर) और G 310 RR (सुपरस्पोर्ट) जैसी बाइक्स पेश की हैं। इनमें से G 310 RR कंपनी की सबसे किफायती सुपरस्पोर्ट बाइक है। अब ब्रांड ने सोशल मीडिया पर 2025 BMW G 310 RR का टीजर जारी किया है। यह बाइक अपडेटेड लुक और एडवांस फीचर्स के साथ जल्द लॉन्च हो सकती है। टीज़र में दिए गए हिंट से साफ है कि इसमें बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।

क्या खास मिलेगा नई 2025 BMW G 310 RR में?
नई BMW G 310 RR में कई ऐसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है, जो इसे और ज्यादा स्पोर्टी और एडवांस बना देंगे। इसमें एरो विंगलेट्स दिए जाएंगे जो हाई स्पीड पर बाइक को ज्यादा स्टेबल रखेंगे। साथ ही, ट्रांसपेरेंट क्लच कवर बाइक को प्रीमियम और स्टाइलिश लुक देगा। इंजन में भी बदलाव किए गए हैं, जिसमें लाइटवेट फोर्ज्ड पिस्टन शामिल है, जिससे लगभग 10% ज्यादा परफॉर्मेंस मिलेगी।
इस बाइक की पावर भी बढ़कर करीब 38 पीएस @ 9800 आरपीएम और टॉर्क 29 एनएम तक हो जाएगा। गियर शिफ्टिंग को और स्मूद बनाने के लिए इसमें बाय-डायरेक्शनल क्विक-शिफ्टर दिया जाएगा। बेहतर रोड ग्रिप और कंट्रोल के लिए कंपनी इसमें मिशलिन रोड 5 टायर्स इस्तेमाल करेगी।
यह भी पढ़ें- BMW S 1000 R: दमदार परफॉर्मेंस और एडवांस फीचर्स के साथ भारत में लॉन्च
सुरक्षा और राइडिंग एक्सपीरियंस को और बेहतरीन बनाने के लिए इसमें 6-एक्सिस IMU बेस्ड इलेक्ट्रॉनिक एड्स मिलेंगे, जिनमें कॉर्नरिंग ABS, कॉर्नरिंग ट्रैक्शन कंट्रोल, व्हीली कंट्रोल और कॉर्नरिंग क्रूज़ कंट्रोल जैसे फीचर्स शामिल होंगे। इसके अलावा, बाइक में टीएमपीएस (टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम) भी मिलेगा, जो चलते-फिरते टायर का प्रेशर बताता रहेगा।
BMW G 310 RR: कीमत और लॉन्च
चूंकि इस बाइक का इंजन 350 सीसी से कम है, इसलिए नई GST 2.0 सुधारों के बाद अपडेटेड BMW G 310 RR की कीमत आकर्षक रहने की उम्मीद है। हालांकि कंपनी ने अभी आधिकारिक लॉन्च डेट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह जल्द ही भारतीय बाजार में दस्तक देगी।
यह भी पढ़ें- नवंबर 2025 में भारत में वापसी करने जा रही Skoda की परफॉर्मेंस सेडान
बीएमडब्ल्यू मोटरराड ने अपने टीजर में कैप्शन लिखा – “The race has begun. It’s just you and 309 other riders. Can you guess what’s coming? Stay tuned”। यह लाइन एक तरह का सस्पेंस क्रिएट करती है। इसमें ‘309 अन्य राइडर्स’ का जिक्र किया गया है, जिसका मतलब अलग-अलग हो सकता है। सबसे आसान संभावना यह है कि कंपनी मौजूदा G 310 RR का लिमिटेड एडिशन लाने की तैयारी कर रही हो, जिसे सिर्फ 309 यूनिट्स तक ही सीमित रखा जाए।


