Honda 0 Alpha EV Launch Date: होंडा 0 Alpha EV भारत में 2 दिसंबर को लॉन्च होगी, होंडा की इस नई इलेक्ट्रिक SUV की मैन्युफैक्चरिंग राजस्थान के टपूकड़ा प्लांट में किया जाएगा और यह घरेलू बाजार के साथ एक्सपोर्ट के लिए भी तैयार होगी।

Honda 0 Alpha EV Design and Features
होंडा ने अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV की लॉन्च तारीख की पुष्टि कर दी है। Honda 0 Alpha EV को पहली बार अक्टूबर 2025 में जापान मोबिलिटी शो में प्रोटोटाइप के रूप में दिखाया गया था। मार्च 2026 से यह भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान भी नजर आ रही है।
प्रोडक्शन मॉडल का डिजाइन काफी हद तक प्रोटोटाइप जैसा रहने की उम्मीद है। इसमें ऊंचा बॉडी स्टांस, लंबी रूफलाइन और चौकोर व्हील आर्च दिए जा सकते हैं। इसके अलावा, SUV में आकर्षक एलईडी लाइटिंग एलिमेंट्स देखने को मिलेंगे।
यह भी पढ़ें- महिंद्रा XUV 3XO CNG लॉन्च, कीमत ₹9.99 लाख से शुरू; माइलेज 24.70 km/kg
इसका लंबा और बॉक्सी डिजाइन केबिन में ज्यादा जगह देने में मदद कर सकता है। होंडा अपनी गाड़ियों में ‘मैन मैक्सिमम, मशीन मिनिमम’ पैकेजिंग फिलॉसफी के लिए जानी जाती है। इसका उद्देश्य यात्रियों के लिए ज्यादा जगह उपलब्ध कराना है।
टेस्टिंग के दौरान इसके संभावित इंटीरियर की कुछ झलकियां भी सामने आई हैं। इनमें बड़ा सेंट्रल टचस्क्रीन, अलग डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और मल्टीफंक्शन स्टीयरिंग व्हील दिखाई दिए हैं। हालांकि, कंपनी ने अभी तक प्रोडक्शन मॉडल के सभी फीचर्स की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
Battery and Rivals
Honda 0 Alpha EV के पावरट्रेन की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। हालांकि, रिपोर्ट्स में इसमें दो बैटरी पैक विकल्प मिलने की चर्चा है। कंपनी ने अभी बैटरी क्षमता, ड्राइविंग रेंज, मोटर पावर और चार्जिंग से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की है।
इस इलेक्ट्रिक SUV का निर्माण राजस्थान के टपूकड़ा स्थित होंडा के प्लांट में किया जाएगा। यहां बनने वाली गाड़ियों को भारत में बेचने के साथ दूसरे बाजारों में निर्यात भी किया जाएगा। इससे भारत होंडा की इलेक्ट्रिक कार रणनीति में अहम भूमिका निभा सकता है।
यह भी पढ़ें- हुंडई मोटर ग्रुप भारत में 2032 तक निवेश करेगा 1.47 लाख करोड़ रुपये
लॉन्च के बाद Honda 0 Alpha EV का मुकाबला मारुति सुजुकी ई विटारा, टोयोटा अर्बन क्रूजर इबेला, टाटा सिएरा ईवी और महिंद्रा BE 6 जैसी इलेक्ट्रिक SUVs से हो सकता है। हालांकि, इन मॉडलों के साथ इसकी कीमत और स्पेसिफिकेशन की सीधी तुलना के लिए आधिकारिक जानकारी का इंतजार करना होगा।
होंडा के लिए यह मॉडल खास महत्व रखता है। कंपनी बदलते बाजार और वित्तीय दबाव के बीच कुछ दूसरे वैश्विक बाजारों में अपने इलेक्ट्रिक वाहन निवेश की समीक्षा कर चुकी है। ऐसे में भारतीय बाजार में नई इलेक्ट्रिक SUV की एंट्री कंपनी की बिक्री और निर्यात बढ़ाने की रणनीति का अहम हिस्सा होगी।

