Kia Seltos GTX (O): किआ इंडिया ने अपनी लोकप्रिय मिड-साइज एसयूवी किआ सेल्टॉस (Kia Seltos) की रेंज का विस्तार कर दिया है। कंपनी ने GTX (O) और X-Line (O) वेरिएंट पेश किए हैं। ये दोनों मॉडल मौजूदा GTX (A) से ऊपर रखे गए हैं। वहीं इनमें कई ऐसे फीचर्स दिए गए हैं जो ड्राइविंग अनुभव को और बेहतर बनाते हैं।
GTX (O) वेरिएंट में मिले कई प्रीमियम फीचर्स
किआ सेल्टॉस GTX (O) में कई नए कम्फर्ट और टेक्नोलॉजी फीचर्स जोड़े गए हैं। अब इसमें हेड-अप डिस्प्ले मिलता है। इसके अलावा AQI डिस्प्ले वाला एयर प्यूरीफायर भी दिया गया है। साथ ही फ्रंट और रियर कैमरे वाला बिल्ट-इन डैशकैम भी उपलब्ध है। इससे सफर के दौरान रिकॉर्डिंग आसान हो जाती है। इसके अलावा 12.3-इंच टचस्क्रीन में इनबिल्ट नेविगेशन दिया गया है। सभी चार पावर विंडो में वन-टच ऑटो अप और डाउन फीचर भी मिलता है। रेन-सेंसिंग वाइपर भी इस नए वेरिएंट का हिस्सा हैं। इससे बारिश के दौरान ड्राइविंग और सुविधाजनक बनती है।
नई किआ सेल्टॉस GTX (O) की सबसे बड़ी खासियत इसका नया ADAS F+ पैकेज है। इसमें जंक्शन क्रॉसिंग के दौरान फ्रंट कोलिजन अवॉइडेंस असिस्ट मिलता है। लेन बदलते समय भी सिस्टम टक्कर से बचाने में मदद करता है। इसके अलावा इवेसिव स्टीयरिंग असिस्ट जैसी तकनीक भी जोड़ी गई है। यह अचानक आने वाली बाधा से बचने में ड्राइवर की मदद करती है। वहीं नेविगेशन-आधारित स्मार्ट क्रूज कंट्रोल सड़क के मोड़ों और स्पीड जोन के अनुसार अपने आप गति कम या ज्यादा कर सकता है।
X-Line (O) वेरिएंट में मिलेगा अलग स्टाइल
X-Line (O) वेरिएंट में GTX (O) के सभी फीचर्स दिए गए हैं। हालांकि इसकी सबसे बड़ी पहचान इसका एक्सक्लूसिव डिजाइन है। इसमें मैट ग्रेफाइट और ऑरोरा ब्लैक पर्ल जैसे खास एक्सटीरियर कलर मिलते हैं। इसके अलावा 18-इंच ब्लैक अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। ग्लॉस ब्लैक स्किड प्लेट, साइड डोर गार्निश और ब्लैक-ग्रीन लेदरेट इंटीरियर इसे अलग पहचान देते हैं।
दोनों नए वेरिएंट 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ उपलब्ध हैं। दूसरी ओर ग्राहक 1.5-लीटर डीजल इंजन का विकल्प भी चुन सकते हैं। दोनों वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 21.57 लाख रुपये रखी गई है। वहीं किआ सेल्टॉस की शुरुआती कीमत 10.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है।

