Aprilia RS 660 Phillip Island Tribute Edition Unveiled: अप्रिलिया ने RS 660 फिलिप आइलैंड ट्रिब्यूट एडिशन पेश की है। यह खास बाइक कंपनी की रेसिंग विरासत को समर्पित है और इसमें नए ग्राफिक्स के साथ कई खास डिजाइन एलिमेंट दिए गए हैं।

Aprilia RS 660 Phillip Island Tribute Edition Design and Special Features
अप्रिलिया RS 660 फिलिप आइलैंड ट्रिब्यूट एडिशन (Aprilia RS 660 Phillip Island Tribute Edition) को ऑस्ट्रेलिया के मशहूर फिलिप आइलैंड रेसिंग सर्किट से प्रेरित होकर तैयार किया गया है। इस बाइक में सफेद रंग के साथ हरे और लाल रंग का इस्तेमाल किया गया है। इसके साइड पैनल और पिछले हिस्से पर हरा रंग मिलता है, जबकि व्हील्स लाल रंग में दिए गए हैं।
बाइक के साइड पैनल पर फिलिप आइलैंड सर्किट का लेआउट, ‘फिलिप आइलैंड सर्किट’ नाम और चेकर फ्लैग का ग्राफिक मिलता है। ये बदलाव इसे सामान्य RS 660 से अलग पहचान देते हैं।

यह भी पढ़ें- मारुति विक्टोरिस के एक साल पूरे, कंपनी ने पेश किया ऑरम एडिशन
इसके अलावा, बाइक में पीछे बैठने वाले यात्री की सीट को ढकने वाला खास कवर दिया गया है। फ्यूल टैंक पर कंपनी की रेसिंग जीत को दर्शाने वाला बैज मिलता है। वहीं, स्टीयरिंग हेड प्लेट पर इस स्पेशल एडिशन का सीरियल नंबर दिया गया है।
अप्रिलिया इस बाइक को इटली के मिलान में आयोजित होने वाले EICMA 2026 मोटरसाइकिल शो में प्रदर्शित करेगी। हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी कीमत, उपलब्धता और कुल कितनी यूनिट बनाई जाएंगी, इसकी जानकारी नहीं दी है।
Engine and Racing Heritage
फिलिप आइलैंड ट्रिब्यूट एडिशन में स्टैंडर्ड मॉडल वाला इंजन और मैकेनिकल सेटअप दिया गया है। इसमें 660cc का पैरेलल-ट्विन इंजन मिलता है, जो 10,400 rpm पर 105 bhp की पावर देता है। वहीं, इसका अधिकतम टॉर्क 8,400 rpm पर 70 Nm है। इंजन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है।
इस स्पेशल एडिशन का फिलिप आइलैंड सर्किट से खास रिश्ता है। अप्रिलिया ने यहां MotoGP वर्ल्ड चैंपियनशिप की अलग-अलग श्रेणियों में कुल 10 जीत दर्ज की हैं। कंपनी ने अपनी RSV4 बाइक के साथ वर्ल्ड सुपरबाइक चैंपियनशिप में भी सफलता हासिल की है।
यह भी पढ़ें- ड्राइविंग लाइसेंस के लिए 75% अंक जरूरी करने का प्रस्ताव
इसके अलावा, पिछले साल ऑस्ट्रेलियन ग्रां प्री में राउल फर्नांडेज की जीत अप्रिलिया के लिए वर्ल्ड मोटरसाइकिल चैंपियनशिप में 300वीं जीत थी। यह स्पेशल एडिशन इसी रेसिंग इतिहास को सम्मान देने के लिए पेश किया गया है।
फिलिप आइलैंड सर्किट 2026 सीजन के बाद MotoGP कैलेंडर से हटने वाला है। साल 2027 से इसकी जगह एडिलेड स्ट्रीट सर्किट को शामिल किए जाने की योजना है। इस तरह फिलिप आइलैंड ट्रिब्यूट एडिशन इस ऐतिहासिक सर्किट के साथ अप्रिलिया के रिश्ते को खास अंदाज में दर्शाती है।

