FASTag Annual Pass ने लॉन्च के 6 महीनों में 50 लाख यूजर्स और 26.55 करोड़ ट्रांजेक्शन का आंकड़ा पार किया। जानिए इसकी कीमत, वैधता, लाभ, एक्टिवेशन प्रक्रिया और किन टोल प्लाजा पर यह लागू है।
केंद्र सरकार द्वारा शुरू किया गया फास्टैग एनुअल पास (FASTag Annual Pass) योजना अब तेजी से लोकप्रिय हो रही है। लॉन्च के केवल छह महीनों के भीतर इस पास ने 50 लाख से अधिक यूजर्स का आंकड़ा पार कर लिया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के अनुसार, इस अवधि में 26.55 करोड़ से ज्यादा ट्रांजेक्शन दर्ज किए गए हैं। यह आंकड़ा दिखाता है कि नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले लोग अब इस सुविधा को तेजी से अपना रहे हैं।
मंत्रालय के मुताबिक, नेशनल हाईवे नेटवर्क पर होने वाले कुल कार ट्रांजेक्शन में से लगभग 28 प्रतिशत अब फास्टैग एनुअल पास (FASTag Annual Pass) के माध्यम से हो रहे हैं। इससे साफ है कि नियमित यात्रा करने वाले वाहन मालिकों को यह योजना काफी लाभकारी लग रही है।
किन राज्यों में सबसे ज्यादा उपयोग?
अगर क्षेत्रीय विश्लेषण की बात करें तो चंडीगढ़ इस योजना के उपयोग में सबसे आगे है। यहां कुल Annual Pass ट्रांजेक्शन का 14 प्रतिशत हिस्सा दर्ज किया गया है। इसके बाद तमिलनाडु 12.3 प्रतिशत और दिल्ली 11.5 प्रतिशत के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
यह भी पढ़ें- नागपुर में बनेगा महिंद्रा का सबसे बड़ा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट, 2028 से शुरू होगा प्रोडक्शन
दिल्ली-एनसीआर का बिजवासन फी प्लाजा इस मामले में सबसे आगे है, जहां लगभग 57 प्रतिशत कार क्रॉसिंग Annual Pass के जरिए की गई। इसके अलावा, मुंडका फी प्लाजा (दिल्ली-एनसीआर) और झिंझोली फी प्लाजा (सोनीपत) पर भी लगभग 53 प्रतिशत गैर-व्यावसायिक वाहनों ने Annual Pass का उपयोग किया।
FASTag Annual Pass क्या है और कैसे काम करता है?
FASTag Annual Pass एक ऐसी सुविधा है जो नेशनल हाईवे और नेशनल एक्सप्रेसवे पर बार-बार टोल चुकाने की परेशानी को खत्म करती है। यह पास लगभग 1,150 टोल प्लाजा पर लागू है। इस पास के तहत वाहन मालिक एक बार 3,000 रुपये का भुगतान करके एक साल या 200 टोल प्लाजा क्रॉसिंग (जो पहले हो) तक टोल की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। इससे हर महीने FASTag रिचार्ज करने की जरूरत नहीं रहती और टोल खर्च एक निश्चित राशि में सीमित हो जाता है।
किसके लिए लागू है यह पास?
यह Annual Pass केवल गैर-व्यावसायिक (Non-Commercial) वाहनों के लिए उपलब्ध है, जिनके पास वैध FASTag है। यानी निजी कार मालिक इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। व्यावसायिक वाहनों पर यह सुविधा लागू नहीं होती।
कैसे करें एक्टिवेट?
Annual Pass को एक्टिवेट करना बेहद आसान है। वाहन मालिक Rajmargyatra App या NHAI की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 3,000 रुपये का एकमुश्त भुगतान कर सकते हैं। भुगतान के बाद यह पास मौजूदा FASTag पर लगभग दो घंटे के भीतर सक्रिय हो जाता है।
FASTag Annual Pass के फायदे
इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह टोल खर्च को निश्चित और तनावमुक्त बना देता है। रोजाना सफर करने वाले लोगों को बार-बार FASTag रिचार्ज की चिंता नहीं करनी पड़ती। इससे समय की बचत होती है और यात्रा अधिक सुगम बनती है। सरकार का कहना है कि FASTag Annual Pass की बढ़ती लोकप्रियता यह साबित करती है कि यह योजना देशभर में नेशनल हाईवे पर सहज और किफायती यात्रा को बढ़ावा दे रही है।


