Hero MotoCorp Ather Energy Investment: हीरो मोटोकॉर्प के पास फिलहाल एथर एनर्जी की 29.88% हिस्सेदारी है। नए निवेश के जरिए कंपनी करीब 3% अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदेगी। इसके बाद Ather में Hero की पकड़ पहले से ज्यादा मजबूत हो जाएगी।
इस निवेश को हीरो मोटोकॉर्प (Hero MotoCorp) के निदेशक मंडल समिति ने 27 अगस्त को मंजूरी दी है। कंपनी यह रकम अपने कैश से लगाएगी और मौजूदा शेयरधारक से एथर (Ather) के शेयर खरीदेगी। यह सौदा 3 सितंबर तक पूरा होने की उम्मीद है।

Hero MotoCorp Investment in Ather
हीरो मोटोकॉर्प पहले से ही एथर एनर्जी की सबसे बड़ी शेयरधारक कंपनी है। इससे पहले कंपनी ने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर निर्माता में ₹960 करोड़ का निवेश किया था। इस निवेश के तहत Hero को ₹1,260 प्रति वारंट की कीमत पर 76.19 लाख कन्वर्टिबल वारंट्स मिले थे। हर वारंट को भविष्य में एक इक्विटी शेयर में बदला जा सकता है। इन वारंट के लिए 25% रकम शुरुआत में देनी होती है। बाकी भुगतान शेयरों में कन्वर्जन के समय किया जाएगा।
हीरो मोटोकॉर्प का यह कदम इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कारोबार में उसकी रणनीति को दिखाता है। एथर एनर्जी (Ather Energy) भारतीय EV बाजार में अपनी मौजूदगी लगातार मजबूत कर रही है। वहीं, Hero की बढ़ती हिस्सेदारी दोनों कंपनियों के बीच रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करती है। इससे इलेक्ट्रिक मोबिलिटी क्षेत्र में हीरो मोटोकॉर्प की भागीदारी भी बढ़ती नजर आ रही है।
यह भी पढ़ें- दिसंबर में होगा इंडिया बाइक वीक 2026 का शानदार आयोजन

