Hyundai Bayon India: हुंडई बेयोन को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। हुंडई की एक नई एसयूवी भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखी गई है। माना जा रहा है कि यह हुंडई बेयोन (Hyundai Bayon) है, जिसे कंपनी अपनी लाइनअप में वेन्यू और क्रेटा के बीच पोजिशन कर सकती है। फिलहाल एसयूवी पूरी तरह कैमोफ्लाज में थी, लेकिन इसके डिजाइन और कुछ प्रमुख फीचर्स की झलक जरूर देखने को मिली। ऐसे में माना जा रहा है कि हुंडई भारतीय ग्राहकों के लिए एक नया मिड-साइज विकल्प तैयार कर रही है।
डिजाइन में दिखी नई वेन्यू की झलक
स्पॉट की गई टेस्ट कार के फ्रंट में नए वेन्यू जैसी डीआरएल डिजाइन दिखाई दी। वहीं एसयूवी का साइड प्रोफाइल काफी बॉक्सी नजर आया, जिससे इसकी रोड प्रेजेंस मजबूत लगती है। इसके अलावा इसमें रूफ रेल्स भी देखने को मिलीं। पीछे की तरफ हाई-माउंटेड स्टॉप लाइट भी कैमोफ्लाज के बावजूद नजर आई। कुल मिलाकर हुंडई बेयोन का डिजाइन युवा ग्राहकों को आकर्षित कर सकता है।
फीचर्स के मामले में होगी काफी प्रीमियम
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मिलने वाली हुंडई बेयोन कई आधुनिक फीचर्स के साथ आती है। इसमें 10.25-इंच के दो बड़े डिस्प्ले दिए जाते हैं, जो इंफोटेनमेंट और ड्राइवर डिस्प्ले का काम करते हैं। इसके अलावा वायरलेस कनेक्टिविटी, वायरलेस चार्जिंग, OTA मैप अपडेट, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और USB A और C पोर्ट पोर्ट जैसे फीचर्स भी मिलते हैं। यदि भारत में यही फीचर लिस्ट मिलती है तो यह एसयूवी अपने सेगमेंट में काफी मजबूत दावेदार बन सकती है।
इंजन और परफॉर्मेंस
ग्लोबल मॉडल में हुंडई बेयोन दो पेट्रोल इंजन विकल्पों के साथ आती है। पहला 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन है, जो 78 bhp की पावर और 112.7 Nm का टॉर्क पैदा करता है। वहीं दूसरा 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन है, जो 99 bhp की पावर और 171.6 Nm का टॉर्क देता है। ट्रांसमिशन विकल्पों में 5-स्पीड मैनुअल, 6-स्पीड मैनुअल और 7-स्पीड DCT गियरबॉक्स शामिल हैं।
ADAS से लैस हो सकती है नई Hyundai Bayon
सुरक्षा के मामले में भी हुंडई बेयोन काफी एडवांस हो सकती है। ग्लोबल मॉडल में ADAS तकनीक दी जाती है, जिसमें लीड व्हीकल डिपार्चर अलर्ट (LVDA) और रियर पार्किंग कोलिजन अवॉइडेंस असिस्ट (PCA-R) जैसे फीचर्स शामिल हैं। साथ ही रियर ऑक्यूपेंट अलर्ट, ड्राइवर मॉनिटरिंग कैमरा और क्रूज़ कंट्रोल जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं। इसी वजह से यह एसयूवी सुरक्षा के मामले में वेन्यू से एक कदम आगे नजर आ सकती है।
किससे होगा मुकाबला?
अगर हुंडई बेयोन इंडिया में लॉन्च होती है तो इसका मुकाबला मुख्य रूप से मारुति ब्रेजा, किआ सोनेट, महिंद्रा XUV 3XO और टाटा नेक्सन जैसी लोकप्रिय एसयूवी से हो सकता है। वहीं हुंडई इसे वेन्यू और हुंडई क्रेटा के बीच एक प्रीमियम विकल्प के रूप में पेश कर सकती है। हालांकि कंपनी ने अभी इसकी लॉन्च टाइमलाइन को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
यह भी पढ़ें- नई Suzuki Landy हुई लॉन्च! अब मिलेगा 8-सीटर ऑप्शन और दमदार हाइब्रिड इंजन

