जेके टायर ने भारत के पहले एम्बेडेड स्मार्ट टायर लॉन्च किए हैं, जिनमें इन-बिल्ट सेंसर के जरिए रियल-टाइम एयर प्रेशर, तापमान और लीकेज की जानकारी मिलती है।
भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग में एक नया अध्याय जोड़ते हुए JK टायर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने पेश किए हैं भारत के पहले एम्बेडेड स्मार्ट टायर (Embedded Smart Tyres), जो अब खुद बताएंगे कि आपके टायर की हालत कैसी है। इन टायरों में ऐसे एडवांस सेंसर लगे हैं जो लगातार टायर के एयर प्रेशर, तापमान और लीकेज की स्थिति पर नज़र रखते हैं। यह जानकारी रियल-टाइम में ड्राइवर को मिलती है, जिससे वाहन की सुरक्षा और परफॉर्मेंस दोनों बेहतर होती है। इस तकनीक का उद्देश्य सिर्फ सेफ्टी बढ़ाना नहीं, बल्कि ईंधन दक्षता और टायर की उम्र में सुधार करना भी है।

यह पूरी तकनीक जेके टायर (JK Tyre) के मध्य प्रदेश स्थित बनमोर प्लांट में डिजाइन और विकसित की गई है, जो कंपनी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ विजन को और मजबूत बनाती है। कंपनी का कहना है कि ये टायर घरेलू उत्पादन का एक उत्कृष्ट उदाहरण हैं, जो भारत को स्मार्ट और कनेक्टेड मोबिलिटी की दिशा में आगे ले जाएंगे। ये टायर 14 से 17 इंच साइज में उपलब्ध होंगे और इन्हें कंपनी के अधिकृत डीलर नेटवर्क के माध्यम से खरीदा जा सकेगा।
पहले भी पेश किया था ‘स्मार्ट टायर’
JK टायर इससे पहले भी 2019 में ट्रील सेंसर्स के जरिए ‘स्मार्ट टायर टेक्नोलॉजी’ लॉन्च कर चुकी है, जिसमें टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और क्लाउड-बेस्ड एनालिटिक्स का इस्तेमाल किया गया था। अब नए एम्बेडेड स्मार्ट टायर (Embedded Smart Tyres) उस तकनीक को अगले स्तर पर ले जाते हैं, क्योंकि इसमें सेंसर सीधे टायर के अंदर लगाए गए हैं, जिससे डेटा और अधिक सटीक और विश्वसनीय मिलता है। यह इनोवेशन न केवल भारत में कनेक्टेड मोबिलिटी का भविष्य तय करेगा, बल्कि वैश्विक स्तर पर भारतीय इंजीनियरिंग की क्षमता को भी दर्शाएगा।
यह भी पढ़ें- Audi Q3 और Q5 सिग्नेचर लाइन एडिशन भारत में लॉन्च
लॉन्च के दौरान डॉ. रघुपति सिंघानिया, चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर, (जेके टायर) ने कहा – “एम्बेडेड स्मार्ट टायर का लॉन्च हमारे इनोवेशन सफर का अहम पड़ाव है। हमारी मजबूत R&D और मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं के दम पर यह तकनीक दिखाती है कि हम भारत में ही विश्वस्तरीय स्मार्ट मोबिलिटी सॉल्यूशंस बना सकते हैं। हमारा उद्देश्य है कि हर भारतीय ड्राइवर को अधिक स्मार्ट, सुरक्षित और सस्टेनेबल ड्राइविंग अनुभव मिले।”


