Lamborghini Temerario India Delivery: इटली की मशहूर कार निर्माता कंपनी लेम्बोर्गिनी ने भारत में लॉन्च होने के एक साल से अधिक समय बाद आधिकारिक तौर पर
टेमेरारियो स्पोर्ट्स कार की डिलीवरी शुरू कर दी है। यह कार कंपनी की लोकप्रिय हुराकन (Huracan) की जगह लेती है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब ₹6 करोड़ रखी गई है। टेमेरारियो कंपनी की दूसरी हाइब्रिड सुपरकार है। इससे पहले लेम्बोर्गिनी रेवुएल्टो (Lamborghini Revuelto) को बाजार में उतारा गया था। वहीं नई कार में पहले वाला V10 इंजन नहीं मिलता।

दमदार Hybrid V8 इंजन और जबरदस्त परफॉर्मेंस
लेम्बोर्गिनी टेमेरारियो (Lamborghini Temerario) में नया ट्विन-टर्बो V8 इंजन दिया गया है। इसके साथ इलेक्ट्रिक मोटर भी जोड़ी गई है। केवल पेट्रोल इंजन ही 800bhp की पावर और 730Nm का टॉर्क पैदा करता है। हालांकि हाइब्रिड सिस्टम के साथ इसकी कुल पावर 920bhp तक पहुंच जाती है। वहीं अधिकतम टॉर्क 800Nm है। खास बात यह है कि इसका इंजन 10,000 RPM तक घूम सकता है। इसके अलावा सुपरकार में 8-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है। इसी वजह से यह कार सिर्फ 2.7 सेकंड में 0 से 100kmph की रफ्तार पकड़ लेती है।
Huracan का नया उत्तराधिकारी बनी Temerario
लेम्बोर्गिनी टेमेरारियो कंपनी की मिड-इंजन स्पोर्ट्स कार लाइनअप में बड़ा बदलाव लेकर आई है। दरअसल हुराकन में नैचुरली एस्पिरेटेड V10 इंजन मिलता था। वहीं नई टेमेरारियो आधुनिक हाइब्रिड तकनीक के साथ आती है। साथ ही यह कार ज्यादा पावर, बेहतर परफॉर्मेंस और नई तकनीकों का पैकेज लेकर आई है। यही वजह है कि इसे लेम्बोर्गिनी के लिए एक अहम मॉडल माना जा रहा है।
जल्द आ सकता है Temerario Spyder वर्जन
भारत में डिलीवरी शुरू होने के बाद अब कंपनी इसके कन्वर्टिबल वर्जन पर भी काम कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक लेम्बोर्गिनी टेमेरारियो स्पाइडर की टेस्टिंग पहले ही देखी जा चुकी है। कंपनी आने वाले महीनों में इस नए मॉडल से पर्दा उठा सकती है। ऐसे में सुपरकार प्रेमियों को जल्द ही खुले छत वाले टेमेरारियो वर्जन की झलक देखने को मिल सकती है।
यह भी पढ़ें– 19.41 kmpl माइलेज के साथ नई Renault Duster ने बढ़ाई क्रेटा और सेल्टोस की टेंशन

