Site icon Motor Mative

Slavia Monte Carlo को मिले दो एक्सक्लूसिव कलर, सिर्फ 200 यूनिट्स के लिए उपलब्ध

Skoda Slavia Monte Carlo in new Shimla Green and Steel Grey dual-tone colours

Skoda Slavia Monte Carlo को खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए कंपनी ने एक नया अपडेट पेश किया है। स्कोडा ने इस स्पोर्टी सेडान के लिए दो नए लिमिटेड एडिशन कलर लॉन्च किए हैं। खास बात यह है कि इन नए रंगों वाली कार की केवल 200 यूनिट्स ही बनाई जाएंगी। ऐसे में यह एडिशन एक्सक्लूसिव होने के साथ कलेक्टर्स और ब्रांड के शौकीनों को भी आकर्षित कर सकता है।

स्कोडा स्लाविया मोंटे कार्लो (Skoda Slavia Monte Carlo) को अब शिमला ग्रीन और स्टील ग्रे रंगों में खरीदा जा सकेगा। दोनों नए शेड्स ड्यूल-टोन फिनिश के साथ आते हैं, जिससे कार का स्पोर्टी लुक और भी निखरकर सामने आता है। वहीं ब्लैक एक्सटीरियर एलिमेंट्स और ब्लैक 16-इंच अलॉय व्हील्स इसकी रोड प्रेजेंस को और बेहतर बनाते हैं।

प्रीमियम इंटीरियर

केबिन की बात करें तो स्लाविया मोंटे कार्लो में पहले की तरह ऑल-ब्लैक इंटीरियर दिया गया है। इसके साथ रेड एक्सेंट्स कार को स्पोर्टी फील देते हैं। यही थीम मोंटे कार्लो एडिशन को स्टैंडर्ड मॉडल से अलग पहचान भी देती है। फीचर्स के मामले में यह सेडान काफी आधुनिक है। इसमें 10-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है, जो वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले को सपोर्ट करता है। इसके अलावा 8-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी दिया गया है, जिससे ड्राइविंग के दौरान जरूरी जानकारी आसानी से दिखाई देती है।

दमदार इंजन

स्लाविया मोंटे कार्लो दो टर्बो-पेट्रोल इंजन विकल्पों के साथ उपलब्ध है। पहला 1.0-लीटर, तीन-सिलेंडर टर्बो पेट्रोल इंजन है, जो 113 BHP की पावर और 178 Nm का टॉर्क देता है। यह इंजन 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आता है और रोजमर्रा की ड्राइविंग के लिए बेहतर संतुलन प्रदान करता है। दूसरी ओर, इसमें 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन का विकल्प भी मिलता है। यह इंजन 148 BHP की पावर और 250 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इसके साथ 7-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है, जो तेज और स्मूद गियर शिफ्टिंग का अनुभव देने के लिए जाना जाता है।

लिमिटेड एडिशन

स्कोडा ने इन दोनों नए रंगों को अपनी रैली मोंटे कार्लो विरासत से प्रेरित बताया है। हालांकि सबसे खास बात यह है कि इन नए ड्यूल-टोन रंगों वाली स्लाविया मोंटे कार्लो की सिर्फ 200 यूनिट्स ही उपलब्ध होंगी। ऐसे में सीमित संख्या इसे और ज्यादा खास बनाती है। भारतीय बाजार में Skoda Slavia Monte Carlo का मुकाबला फॉक्सवैगन वर्टस GT Line, हुंडई वरना और होंडा सिटी जैसी प्रीमियम मिड-साइज सेडान से होता है।

Exit mobile version