Volvo ES90 India Launch: स्वीडिश लग्जरी कार कंपनी ‘वोल्वो’ भारत में अपनी नई इलेक्ट्रिक सेडान ES90 को 12 अक्टूबर को लॉन्च करने जा रही है। इसे CBU रूट के जरिए देश में लाया जाएगा।
Volvo ES90 Design
ES90 का डिजाइन काफी हद तक कंपनी की EX90 इलेक्ट्रिक एसयूवी से प्रेरित नजर आता है। इसके फ्रंट में बंद ग्रिल और वोल्वो का मशहूर Iron Mark दिया गया है। कार में टी-शेप एलईडी हेडलैंप और आकर्षक एलईडी डीआरएल्स भी मिलते हैं। वहीं, पीछे की तरफ सी-शेप एलईडी टेललैंप इसके आधुनिक लुक को और खास बनाते हैं। ES90 में कूपे जैसी ढलान वाली रूफलाइन दी गई है। साथ ही, इसमें फ्लश डिजाइन वाले रिट्रैक्टेबल डोर हैंडल भी नजर आते हैं।
नई ES90 का केबिन भी आधुनिक और प्रीमियम डिजाइन के साथ तैयार किया गया है। इसके डैशबोर्ड पर पोर्ट्रेट स्टाइल में बड़ा सेंट्रल टचस्क्रीन दिया गया है। इसके अलावा, कार में 3-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलेगा। यह सेटअप ड्राइवर को जरूरी जानकारी आसानी से देखने में मदद करेगा। कंपनी ने ES90 को अपने SPA2 प्लेटफॉर्म पर तैयार किया है। यही प्लेटफॉर्म वोल्वो की नई जनरेशन इलेक्ट्रिक गाड़ियों को सपोर्ट करता है।
यह भी पढ़ें- Volvo EX90 भारत में 12 अक्टूबर को होगी लॉन्च
Electric Powertrain
ES90 को रियर-व्हील-ड्राइव और ऑल-व्हील-ड्राइव, दोनों कॉन्फिगरेशन में पेश किया गया है। इसके साथ 92 kWh और 106 kWh के दो बैटरी विकल्प उपलब्ध हैं। रियर-व्हील-ड्राइव वर्जन में 92 kWh बैटरी और सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है। यह मोटर 328 BHP की पावर और 470 Nm का टॉर्क पैदा करती है। यह वेरिएंट उन ग्राहकों के लिए बेहतर हो सकता है, जो आरामदायक ड्राइविंग के साथ अच्छी इलेक्ट्रिक परफॉर्मेंस चाहते हैं। इसकी दावा की गई रेंज 565 किमी तक है।
Volvo ES90 के डुअल-मोटर वर्जन में बड़ी 106 kWh बैटरी दी गई है। यह सेटअप 449 BHP की पावर और 670 Nm का टॉर्क पैदा करता है। कंपनी के मुताबिक, यह वर्जन एक बार चार्ज करने पर 620 किमी तक की रेंज दे सकता है। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले खरीदारों के लिए यह आंकड़ा काफी महत्वपूर्ण हो सकता है। वहीं, इसका परफॉर्मेंस वेरिएंट और भी ज्यादा ताकतवर है। इसमें डुअल-मोटर सेटअप से 671 BHP और 870 Nm का टॉर्क मिलता है।

