New Tata Tiago Interior लॉन्च से पहले सामने आ गया है। हाल ही में टाटा मोटर्स ने नई टियागो (Tiago) और टियागो ईवी (Tiago EV) का पहला टीजर जारी किया था, जिसमें कार का नया एक्सटीरियर दिखाया गया था। वहीं अब कंपनी ने एक नया वीडियो जारी कर के कार के केबिन की झलक भी दिखा दी है। कंपनी 28 मई को नई Tiago और अपडेटेड Tiago EV की कीमतों का खुलासा करेगी। ऐसे में लॉन्च से पहले कार के कई बड़े फीचर्स सामने आ चुके हैं।

पूरी तरह बदला हुआ मिलेगा डैशबोर्ड
नई Tata Tiago के इंटीरियर में सबसे बड़ा बदलाव इसके डैशबोर्ड में देखने को मिलेगा। कंपनी ने इसे पूरी तरह नया डिजाइन दिया है। डैशबोर्ड पर एक सीधी हॉरिजॉन्टल लाइन दी गई है, जो पूरे केबिन को ज्यादा साफ और प्रीमियम लुक देती है। साथ ही, इसमें ड्यूल-टोन कलर थीम भी देखने को मिलती है। हालांकि, इंफोटेनमेंट स्क्रीन का साइज पुराने मॉडल जैसा ही लग रहा है। वहीं, टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील भी काफी हद तक पहले जैसा दिखता है, लेकिन इसके कंट्रोल बटन अपडेट किए गए हैं।
अब मिलेगा फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर
New Tata Tiago इंटीरियर में सबसे बड़ा हाईटेक बदलाव इसका नया डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर हो सकता है। इस बार कंपनी ने फ्री-स्टैंडिंग डिजिटल डिस्प्ले दी है, जो पुराने एनालॉग सेटअप की जगह लेगी। इसी वजह से कार का केबिन पहले से ज्यादा मॉडर्न महसूस होगा।

वायरलेस चार्जिंग और नया गियर डायल
नई Tiago में वायरलेस चार्जिंग फीचर भी मिलने की उम्मीद है। सेंटर कंसोल को पूरी तरह नया डिजाइन दिया गया है, जहां फोन रखने के लिए अलग स्पेस नजर आता है। इसके अलावा, कंपनी ने पारंपरिक गियर लीवर की जगह नया रोटरी डायल दिया है। यह बदलाव कार को ज्यादा प्रीमियम फील दे सकता है। दिलचस्प बात यह है कि टीजर में पैडल शिफ्टर्स भी दिखाई दिए हैं। इससे साफ होता है कि AMT वेरिएंट्स में यह फीचर मिल सकता है।
पीछे बैठने वालों का भी रखा गया ध्यान
नई Tata Tiago में सिर्फ आगे बैठने वालों के लिए ही नहीं, बल्कि पीछे बैठने वालों के लिए भी कई सुविधाएं मिल सकती हैं। कार में रियर AC वेंट्स दिए गए हैं। साथ ही, आगे और पीछे दोनों यात्रियों के लिए USB टाइप-C चार्जिंग पोर्ट भी देखने को मिलेंगे। इसके अलावा, सीट्स पर ड्यूल-टोन फैब्रिक अपहोल्स्ट्री दी गई है, जो केबिन को प्रीमियम टच देती है।
एक्सटीरियर में भी होंगे बड़े बदलाव
इससे पहले जारी किए गए टीजर में नई Tata Tiago का एक्सटीरियर भी सामने आ चुका है। कार में अब फुल एलईडी हेडलैंप्स मिलेंगे, जिनमें इंटीग्रेटेड डीआरएल दिए जाएंगे। वहीं, नए अलॉय व्हील्स, अपडेटेड रियर डिजाइन और नए कलर ऑप्शन भी देखने को मिल सकते हैं।
इंजन में बदलाव की उम्मीद कम
अगर इंजन की बात करें तो कंपनी इसमें ज्यादा बदलाव नहीं कर सकती है। नई Tiago में मौजूदा 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और CNG ऑप्शन जारी रह सकते हैं। साथ ही, इसमें मैनुअल और AMT गियरबॉक्स का विकल्प भी मिलने की उम्मीद है।
Maruti Swift से होगी टक्कर
भारतीय बाजार में नई Tata Tiago की टक्कर सीधे तौर पर मारुति स्विफ्ट और हुंडई ग्रैंड i10 Nios जैसी हैचबैक कारों से होगी। हालांकि, नए फीचर्स और प्रीमियम इंटीरियर की वजह से Tata Tiago अपने सेगमेंट में और मजबूत दावेदारी पेश कर सकती है।

